मुंबई

अनोखे तरीके से सोने की तस्करी कर रही महिलाएं मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार, 33 किलो सोना जब्त

सोने के प्रति दुनियाभर में जबरदस्त लगाव देखने को मिलता है। दुनियाभर की अर्थव्यवस्था का अंदाजा भी सोने की रिजर्व से ही लगाया जाता है। सोना एक मूल्यवान धातु है और हर कोई इसे अपने पास रखना चाहता है। यही कारण है कि लोग सोने की तस्करी करने के अनोखे तरीके खोजते रहते हैं।

Image

सोने की तस्करी में पकड़ी गईं दो महिलाएं

Photo : PTI

मुंबई : 'सोने जैसा रंग है तेरा...', 'सोना कितना सोना है, सोने जैसा तेरा मन...' सोने के प्रति लोगों का लगाव और आकर्षण कितना ज्यादा है, यह बॉलीवुड के इन दो गानों में स्पष्ट है। दुनियाभर के देशों की करंसी भी सोने के आधार पर ही तय होती है। ऐसे में सोने के प्रति आकर्षण कोई बड़ी बात नहीं है। भारत जैसे देश में महिलाएं सोने के गहनों की दीवानी हैं। सोने की यह दीवानगी कई बार तब भारी पड़ जाती है, जब लोग विदेशों से सस्ता सोना लेकर छिपाकर भारत में लाने की कोशिश करते हैं। सोने की तस्करी के तरीके तो और भी अजीब-ओ-गरीब सामने आते हैं। कई बार तो लोग विदेशों से अपने गुप्तांगों में सोना छिपाकर ले आते हैं, लेकिन फिर भी पकड़े जाते हैं। ताजा मामला मुंबई का है। पढ़ें पूरी खबर -

लॉन्जरी में छिपाकर ला रहे थे सोना

मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग (Customs Department) ने अलग-अलग मामलों में दो विदेशी महिला नागरिकों के अंत:वस्त्रों (Lingerie) और सामान में छिपाया 19.15 करोड़ रुपये मूल्य का कुल 32.79 किलोग्राम सोना जब्त किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि सोमवार को शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद अफ्रीकी देशों से आई दोनों महिला यात्रियों की संदेह के आधार पर तलाशी ली गई। दोनों मामलों में लॉन्जरी और सामान में छिपाया गया सोना मिला। महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

सोने की तस्करी के दो मामले पिछले साल तमिलनाडु के त्रिची एयरपोर्ट पर सामने आए थे। इन दो अलग-अलग मामलों में दो यात्रियों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा का सोना जब्त किया गया था। यात्री विदेश से चोरी-छिपे सोना लेकर आ रहे थे, लेकिन शक होने पर कस्टम अधिकारियों ने जांच की और उन्हें पकड़ लिया।

इसमें पहला मामला तो दिवाली से एक दिन पहले का था। कस्टम विभाग ने त्रिची एयरपोर्ट पर एक पुरुष यात्री से 700 ग्राम सोने के बिस्किट और 94 ग्राम सोने की एक ज्वैलरी जब्त की थी। कस्टम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यात्री सिंगापुर से एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट में सवार होकर आया था। उन्होंने बताया कि जब्द सोने की मार्केट वैल्यू उस समय 47 लाख, 75 हजार से रुपये से ज्यादा थी।

करीब 1 किलो सोने की तस्करी

सोने की तस्करी का दूसरा मामला भी पिछले साल दिवाली से एक दिन पहले ही सामने आया था। एक पुरुष यात्री विदेश से चोरी-छिपे सोना लेकर आ रहा था। कस्टम अधिकारियों ने उससे 995.500 ग्राम सोना जब्त किया था। इस व्यक्ति से जब्द हुए सोने की मार्केट वैल्यू 60 लाख, 42 हजार रुपये से ज्यादा थी।

कहां-कहां छिपा लाते हैं सोना

कस्टम विभाग ने पिछले साल एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान में सवार होकर दुबई से त्रिची पहुंचे एक यात्री को पकड़ा। कस्टम अधिकारियों ने उस व्यक्ति के पास से पेस्ट के रूप में सोना जब्त किया। बड़ी बात ये कि यह व्यक्ति अपने गुप्तांग के अंदर यह सोना छिपाकर ला रहा था।

इनपुट - भाषा

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article