शहर

BMC चुनाव प्रचार में खूनखराबा; शिंदे गुट के हाजी सलीम कुरैशी पर चाकू से जानलेवा हमला

बीएमसी चुनाव के मद्देनजर मुंबई में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब प्रचार के दौरान एक राजनीतिक उम्मीदवार पर जानलेवा हमला हो गया। एकनाथ शिंदे गुट से जुड़े हाजी सलीम कुरैशी पर चाकू से वार किए जाने की सूचना है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

एकनाथ शिंदे गुट के हाजी सलीम कुरैशी पर चाकू से जानलेवा हमला

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Haji Salim Qureshi Attack: मुंबई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बीएमसी चुनाव के प्रचार के दौरान एकनाथ शिंदे गुट के उम्मीदवार हाजी सलीम कुरैशी पर गंभीर हमला हुआ। बताया जा रहा है कि प्रचार के समय एक हमलावर ने उनके पेट में चाकू से वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मुंबई में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल उम्मीदवार को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Haji Salim Qureshi was attacked with a knife

हाजी सलीम कुरैशी पर चाकू से जानलेवा हमला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हमलावर को हिरासत में लिया गया है या नहीं, इसको लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब है कि हाजी सलीम कुरैशी पहले एमआईएम से जुड़े हुए थे, लेकिन चुनाव से पहले उन्होंने एकनाथ शिंदे गुट का दामन थामा था। पार्टी ने उन्हें बीएमसी चुनाव में उम्मीदवार बनाया है, और उसी दौरान उन पर यह हमला हुआ।

मामले की जांच शुरू

मुंबई पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम बांद्रा के संत ज्ञानेश्वर नगर इलाके में हाजी सलीम कुरैशी पर चाकू से हमला किया गया। इस हमले में उनके पेट पर कुछ कट के घाव आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हाजी सलीम कुरैशी शिवसेना के उम्मीदवार हैं और बांद्रा के वार्ड नंबर 92 से बीएमसी चुनाव लड़ रहे हैं। मामले से जुड़ी और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

प्रमोद नाना भानगिरे की कार पर पथराव

इसी बीच, शिवसेना नेता प्रमोद नाना भानगिरे ने बताया कि पुणे के श्रीराम चौक के पास एक सोसायटी में चुनाव प्रचार के दौरान उनकी कार पर पथराव किया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में शिवसेना की उम्मीदवार सारिका पवार को भी निशाना बनाया गया। भानगिरे के अनुसार, पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने इस तरह की घटनाओं को गलत बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में ऐसी हरकतें नहीं होनी चाहिए।

15 जनवरी को होगा मतदान

वहीं, महाराष्ट्र AIMIM के प्रमुख इम्तियाज जलील ने भी आरोप लगाया कि छत्रपति संभाजीनगर में उनकी पार्टी की रैली पर अज्ञात लोगों ने हमला किया। उन्होंने कहा कि रैली के लिए अनुमति ली गई थी और पुलिस भी मौजूद थी, इसके बावजूद 20–25 हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और समर्थकों व वाहनों पर हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। जलील ने कहा कि उनकी पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव लड़ रही है और इस तरह की घटनाओं से वे पीछे नहीं हटेंगे। गौरतलब है कि महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य की 29 नगर निगमों में चुनाव की घोषणा की है, जिनमें बीएमसी, पुणे नगर निगम और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम शामिल हैं। मतदान 15 जनवरी को होगा, जबकि मतगणना 16 जनवरी को की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article