BMC Polls: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तीखी आलोचना की और सवाल उठाया कि क्या देवेंद्र फडणवीस हिंदू नहीं हैं? उन्होंने कहा कि मैंने अपना भाषण हिंदू भाइयों को नमस्ते कहकर शुरू किया, उन्होंने कहा- मेयर हिंदू होगा। हम कहते हैं कि मेयर मराठी होगा। क्या देवेंद्र फडणवीस हिंदू नहीं हैं? उनका जन्म प्रमाणपत्र चेक करें। हम जन्म से हिंदू मराठी हैं।
उद्धव ठाकरे ने मुंबई में राज ठाकरे के साथ एक संयुक्त जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये सब हताश बंदर हैं, कभी टाइगर नहीं बन सकते। आप शिवसेना को खत्म करने की उनकी रणनीति तो समझ गए होंगे।
उद्धव ठाकरे ने क्या कुछ कहा?
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे ने नगर निकाय चुनावों के लिए रविवार को एक संयुक्त रैली में भाजपा पर 'नकली हिंदुत्व' अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि मुंबई के सामने आ रहे 'खतरे' के कारण उनका राजनीतिक पुनर्मिलन हुआ है। उद्धव ने कहा कि उन्होंने और राज ठाकरे ने मराठी मानुष, हिंदुओं और महाराष्ट्र के लिए अपने मतभेदों को भुला दिया है।
मराठी वोट बैंक को लक्ष्य करते हुए राज ने कहा कि मुंबई पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए वह और उद्धव एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा, ''यह मराठी मानुष का आखिरी चुनाव है। अगर उन्होंने अब कोई गलती की, तो (मुंबई की) लड़ाई हमेशा के लिए हार जाएंगे।''
राज के बाद रैली को संबोधित करते हुए उद्धव ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा मुंबई का नाम बदलकर 'बंबई' रखना चाहती है।उन्होंने इसके लिए तमिलनाडु के भाजपा नेता के. अन्नामलाई की टिप्पणियों का हवाला दिया। चुनाव से पहले भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उद्धव ने कहा, ''भाजपा का हिंदुत्व और राष्ट्रवाद नकली है।'' उन्होंने कहा, ''भाजपा एक ऐसी पार्टी बन गई है जो राष्ट्र को पहले रखने की बजाय भ्रष्टाचार को पहले रखती है।''
