शहर

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई; करोड़ों की ड्रग्स, सोना, हीरे और विदेशी करेंसी जब्त

कस्टम्स ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन यात्रियों से कुल 69.78 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा भी जब्त की। खास सूचना के आधार पर की गई एक अन्य कार्रवाई में बैंकॉक से आए पांच यात्रियों के पास से 3.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मुंबई कस्टम की बड़ी कार्रवाई।

मुंबई कस्टम की बड़ी कार्रवाई।

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बीते 4 जनवरी 2026 से 11 फरवरी 2026 के बीच बड़ी मात्रा में अवैध तस्करी के मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान एयरपोर्ट कमिश्नरेट, मुंबई कस्टम्स जोन-III के अधिकारियों ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अहम मामले दर्ज किए हैं। स्पॉट चेक और APIS प्रोफाइलिंग के आधार पर की गई इन कार्रवाइयों में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, सोना, हीरे और विदेशी मुद्रा जब्त की गई है।

कस्टम्स अधिकारियों ने इस अवधि में कुल सात हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) के मामले दर्ज किए, जिनमें बैंकॉक से आए सात यात्रियों से 13.256 किलोग्राम संदिग्ध एनडीपीएस बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत लगभग 13.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा एक गोल्ड तस्करी मामले में एक यात्री से 104 ग्राम 24 कैरेट सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 15.24 लाख रुपये है। वहीं, एक अलग मामले में 246.75 कैरेट नेचुरल और लैब में उगाए गए हीरे जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 38.28 लाख रुपये बताई गई है।

कस्टम्स ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन यात्रियों से कुल 69.78 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा भी जब्त की। खास सूचना के आधार पर की गई एक अन्य कार्रवाई में बैंकॉक से आए पांच यात्रियों के पास से 3.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में भी सभी आरोपियों को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा एक और विदेशी मुद्रा तस्करी के मामले में एक यात्री से 43.25 लाख रुपये के बराबर फॉरेन करेंसी बरामद की गई। कुल मिलाकर, इस अवधि में कस्टम्स अधिकारियों ने 16.756 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड (कीमत लगभग 16.75 करोड़ रुपये), 246.75 कैरेट हीरे, 104 ग्राम सोना और 1.13 करोड़ रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा जब्त की है। इन मामलों में अब तक कुल आठ यात्रियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

अतुल सिंह
अतुल सिंह author

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now ... और देखें

End of Article