शहर

RJD को बड़ा झटका! मृत्युंजय तिवारी ने छोड़ी 'लालटेन', BJP का थामा दामन, बोले-'पार्टी नेतृत्वहीन हो चुकी है'

Mritunjay Tiwari Joins BJP: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और मुख्य प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

Image

RJD का चर्चित चेहरा मृत्युंजय तिवारी बीजेपी में शामिल

Photo : Times Now Digital

Mritunjay Tiwari Joins BJP: बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सबसे मुखर और लोकप्रिय चेहरों में से एक, पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुख्य प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने शुक्रवार को बीजेपी का दामन थाम लिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई।

बीजेपी में शामिल होने के बाद मृत्युंजय तिवारी काफी भावुक नजर आए। उन्होंने आरजेडी के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अब पूरी तरह से नेतृत्वहीन हो चुकी है और अंत की ओर बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी में अब कार्यकर्ताओं और नेताओं की बात सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं अपने जीवन की दूसरी पारी बीजेपी के साथ शुरू कर रहा हूं और जब तक जिंदा रहूंगा, पूरी निष्ठा के साथ बीजेपी के लिए काम करूंगा।"

साल 2014 में लालू यादव ने बनाया था पार्टी प्रवक्ता

लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले मृत्युंजय तिवारी का इस तरह पार्टी छोड़ना आरजेडी के लिए एक बड़ा रणनीतिक झटका है। साल 2014 में लालू यादव ने उनकी संगठन क्षमता को देखते हुए उन्हें मुख्य प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी थी। तब से वे हर टीवी डिबेट और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी का पक्ष पूरी आक्रामकता के साथ रखते आ रहे थे। उन्हें पार्टी में एक प्रमुख ब्राह्मण चेहरे और तेजस्वी यादव के भरोसेमंद रणनीतिकार के रूप में जाना जाता था।

इस्तीफे के बाद छलका था दर्द

इस्तीफे के बाद मीडिया से बात करते हुए उनका दर्द और गुस्सा साफ झलक रहा था। उन्होंने पार्टी के अंदर सक्रिय कुछ लोगों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। तिवारी ने कहा कि तेजस्वी यादव आज ऐसे लोगों से घिरे हुए हैं, जो पार्टी को अंदर ही अंदर दीमक की तरह खोखला कर रहे हैं। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के कारण पार्टी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं का दम घुट रहा था। मृत्युंजय तिवारी के इस कदम से बिहार की राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article