मध्य प्रदेश में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। प्रदेश में मानसून के एक्टिवेट होने के बाद से लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा रही है तो वहीं कई इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। इस बीच बुंदेलखंड में केदारनाथ धाम कहे जाने वाले जटाशंकर धाम में जोरदार बारिश हो रही है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ये वीडियो भारी बारिश के बाद भक्तों और समिति के सदस्यों द्वारा बनाया गया है। इस वीडियो में मंदिर परिसर में आ रहे बारिश के पानी को देखा जा सकता है। यहां मंदिर की सीढ़ियों से बारिश का पानी लगातार बह रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा जटाशंकर मंदिर का वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। भारी बारिश के बाद जटाशंकर धाम का नजारा किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लग रहा है।
यहां देखें वीडियो
मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने 20 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, रतलाम, भोपाल, उज्जैन, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, मंडला, उमरिया, टीकमगढ़, सिवानी, छतरपुर, खंडवा, नर्मदापुरम, धार, गुना, ग्वालियर, बालाघाट, शिवपुरी, भिंड और मंदसौर में भारी बारिश के साथ आंधी और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को मौसम विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक सतना में 55, दमोह में 20, उमरिया में 12, रतलाम में 3 और उज्जैन में 1 मिमी की बारिश दर्ज की गई है। बारिश के बाद से प्रदेश का मौसम कूल-कूल बना हुआ है। लेकिन इस बीच कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई है। भारी बारिश के कारण कई स्थान ऐसे हैं जो जलमग्न हो गए हैं।
