MP में आज का मौसम (09 Jan 2026): मध्य प्रदेश के लोग भीषण ठंड और शीतलहर की मार झेल रहे हैं। दिन में भी गलन वाली सर्दी पड़ रही है। जिसके कारण कई जिलों में दिन और रात के तापमान में भी बहुत कम अंतर दर्ज किया जा रहा है। राज्य के उत्तरी हिस्से में घने कोहरे का प्रकोप जारी है। आज सुबह भी रीवा, ग्वालियर, सागर, शहडोल और चंबल संभाग के 17 जिलों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिला। जिसकी वजह से विजिबिलिटी में भी काफी कमी आई। जिसके कारण मध्य प्रदेश आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
मध्य प्रदेश में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। आज 7 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें दतिया, रीवा, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, शहडोल और मऊगंज शामिल हैं। सुबह के समय कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। हालांकि दिन चढ़ने के साथही कोहरा छंट जाएगा। लेकिन सर्दी से राहत मिलने की ज्यादा उम्मीद नहीं है। आईएमडी के अनुसा राज्य में शनिवार को भी घने कोहरे और शीतलहर का कहर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान ग्वालियर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, सतना, रीवा और मऊगंज में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
सर्द हवाओं के कारण लुढ़क रहा पारा
एमपी में सर्द हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार बीते दिन राज्य का सबसे ठंडा शहर छतरपुर का खजुराहो रहा। जहां का न्यूनतम पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रीवा में 4.1 डिग्री, दतिया में 4.2 डिग्री, पंचमढ़ी में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को भी एमपी में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में हल्का इजाफा देखने को मिल सकता है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले शहर
| शहर | न्यूनतम तापमान |
| खजुराहो | 3.2 डिग्री |
| कल्याणपुर | 3.4 डिग्री |
| रीवा | 4.1 डिग्री |
| चित्रकूट | 4.2 डिग्री |
| दतिया | 4.2 डिग्री |
| राजगढ़ | 4.6 डिग्री |
सबसे कम अधिकतम तापमान वाले शहर
| शहर | अधिकतम तापमान |
| चित्रकूट | 14.5 डिग्री |
| खजुराहो | 15.4 डिग्री |
| नौगांव | 15.5 डिग्री |
| पृथ्वीपुर | 15.9 डिग्री |
| दतिया | 16.1 डिग्री |
मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ ठंड
मध्य प्रदेश में इस बार नवंबर और दिसंबर में रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ी। आईएमडी के अनुसार नवंबर में 84 सालों में इस बार सबसे अधिक ठंड पड़ी। वहीं दिसंबर में भी ठंड ने 25 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बीते दो महीनों की तरह ही जनवरी में भी राज्य में तेज ठंड पड़ रही है।
