शहर

इश्क में अंधी मां बनी बेटे की कातिल! प्रेमी संग मिलकर 6 साल के मासूम को चाकू से गोदा; सामने आए चौंकाने वाले खुलासे

उत्तर प्रदेश के मेरठ के बहसूमा क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची थी, क्योंकि बच्चा उनके संबंधों में बाधा बन रहा था।

Image

मेरठ मर्डर का खुलासा

मेरठ : बहसूमा थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतक की मां को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची थी, क्योंकि बच्चा उनके प्रेम संबंधों में बाधा बन रहा था। पुलिस के अनुसार 16 जून को बच्चे की दादी ने बहसूमा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अर्पित शर्मा उनके छह वर्षीय पौत्र को वैगनार कार में बैठाकर ले गया है और उसके साथ अनहोनी की आशंका है। इस सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी अर्पित शर्मा निवासी मीरापुर, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने बच्चे की हत्या कर शव को हस्तिनापुर क्षेत्र के जंगल में छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मासूम का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू और वैगनार कार भी बरामद कर ली गई।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक की मां गुरप्रीत कौर की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस ने आरोपी अर्पित शर्मा और गुरप्रीत कौर के बीच हुई चैट, वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए। इन साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को गुरप्रीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रेम संबंधों में बाधा बन रहा था मासूम

जांच में सामने आया है कि अर्पित शर्मा और गुरप्रीत कौर के बीच प्रेम संबंध थे। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसे पहले से जानकारी थी कि अर्पित बच्चे को हत्या के इरादे से ले जा रहा है। दोनों के बीच हुई बातचीत और डिजिटल साक्ष्यों ने साजिश की पुष्टि की है।पुलिस के अनुसार प्रेम संबंधों में बाधा बनने के कारण मासूम की हत्या की गई। गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक मां पर अपने ही बेटे की हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।

क्या बोले एसपी मेरठ

इस मामले में मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि 16 जून 2026 को थाना बहसूमा में एक बच्चे के गुम होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें चार टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी और सर्विलांस की टीम भी लगी थी, जिन्होंने साक्ष्य इकट्ठे किए। जिसके आधार पर एक मुख्य आरोपी अर्पित को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया था और बताया था कि 16 तारीख को उसने अपनी गाड़ी में बच्चों को बैठाया और पास के ही खेत में ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी।

इसमें अन्य साक्ष्य एकत्रित किए गए कई सारी चैट्स को रिकवर किया गया, जिसमें गुरप्रीत कौर जो कि बच्चे की मां है उसको भी हिरासत में लिया गया और पूछताछ में उसने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि 16 तारीख को भी उसको पता था कि अर्पित बच्चे की हत्या करने ले जा रहा है। दोनों के बीच में कई सारी चैट्स प्रकाश में आई हैं। वीडियो कॉल भी प्रकाश में आई है और इन्हीं के आधार पर साक्ष्य इकट्ठा किए गए हैं और गुरप्रीत कौर को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है अग्रिम विधिक कार्रवाई थाना बहसूमा के द्वारा की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article