शहर

Meerut News: दिनदहाड़े मंदिर में चोरी, CCTV कैमरे को गमछे से ढका फिर तोड़ा दानपात्र, दो दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

Meerut News: मेरठ में प्राचीन शिव मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई। भगवा गमछा ओढ़कर पहुंचे आरोपी ने दानपात्र का ताला तोड़कर हजारों रुपये चुरा लिए। पूरी वारदात CCTV में रिकॉर्ड हो गई।

Image

मेरठ में मंदिर के अंदर घुसा चोर, दानपात्र तोड़कर नकदी लेकर फरार

Photo : Times Now Digital

Meerut Temple Theft Case: मेरठ के एक प्राचीन शिव मंदिर में दिनदहाड़े चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक चोर भगवा गमछा ओढ़कर मंदिर के अंदर दाखिल हुआ और दानपात्र का ताला तोड़कर हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन अभी तक आरोपी के पकड़ने जाने की कोई सूचना नहीं है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

यह पूरा मामला भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर में मुख्य किला-परीक्षितगढ़ मार्ग पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर का है। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी दानपात्र से चोरी करते हुए साफ पकड़ा गया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी भगवा गमछा लपेटकर मंदिर परिसर में घुसता है। आरोपी ने कैमरे की नजर से बचने के लिए उसे भी उसी गमछे से ढकने की कोशिश की। लेकिन फिर भी पूरी गतिविधि कैमरे में कैद हो गई। आरोपी ने इसके बाद दानपात्र का ताला तोड़ दिया और उसके अंदर रखी नकदी निकालकर मौके से फरार हो गया। इस पूरी घटना के दौरान आरोपी का चेहरा भी सीसीटीवी कैमरे में साफ रिकॉर्ड हो गया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दो दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से लोगों में रोष

मंदिर के सेवादार गंगा शरण ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन वारदात के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े मंदिर में इस तरह की चोरी की घटनाओं से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article