शहर

सोनीपत में भीषण अग्निकांड, तीन फैक्ट्रियों में लगी आग; केमिकल ड्रमों में हुए कई धमाके

हरियाणा के सोनीपत के राई इंडस्ट्रियल एरिया में गैस लाइटर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते दो अन्य फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल की 12 से अधिक गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं हैं।

Image

सोनीपत के राई इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग

Photo : Times Now Digital

हरियाणा के सोनीपत जिले के राई इंडस्ट्रियल एरिया (HSIIDC राई फेस-1) में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले एक गैस लाइटर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी। जिसने कुछ ही देर में आसपास की दो अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि कई किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार और ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। इस दौरान केमिकल ड्रमों में कई धमाके भी सुनाई दिए।

गैस लाइटर फैक्ट्री से शुरू हुई आग

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे प्लॉट नंबर-60 पर स्थित गैस लाइटर बनाने वाली फैक्ट्री में आग ली। देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री में आग फैल गई। हालांकि कर्मचारियों ने समय रहते फैक्ट्री से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और दमकल विभाग को सूचना दी। जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। लेकिन आग तेजी से फैलते हुए विकास इंडस्ट्रीज के प्लॉट नंबर-92 और 93 तक पहुंच गई, जहां प्लाई बनाने का काम होता है। इसके अलावा प्लॉट नंबर-91 की उस फैक्ट्री में भी आग फैल गई, जहां प्लास्टिक के दानों से पैकिंग सामग्री तैयार की जाती है।

केमिकल ड्रमों में धमाकों से मची दहशत

आग की चपेट में आने से फैक्ट्रियों में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में लगातार धमाके होने लगे। जिसकी वजह से आग और तेजी से फैलने लगी। जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और पूरे इलाके में काला धुएं का गुबार छा गया।

12 से ज्यादा दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

आग बुझाने के लिए सोनीपत, पानीपत, गन्नौर, गोहाना और बहादुरगढ़ समेत कई जगहों से 12 से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी।

प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एसडीएम सुभाष चंद्र भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य की निगरानी की और आसपास के इलाके को सुरक्षित कराया। राहत की बात यह रही कि आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस कारण किसी के घायल होने या जनहानि की खबर नहीं है। हालांकि आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

आग लगने के कारणों की जांच

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। प्रशासन और दमकल विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटना के कारणों की जांच में जुट गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article