शहर

एटा में घरेलू विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, अवैध संबंध के चलते पति ने हथौड़े से वार कर उतारा पत्नी को मौत के घाट

एटा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक गंभीर घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना रविवार को अवागढ़ स्थित अखाड़ा मुहल्ले में हुई, जहां पति ने गुस्से में हथौड़े से वार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

अवैध संबंध को लेकर पति ने पत्नी की हत्या की

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Etah News: एटा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित अवैध संबंधों को लेकर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना अवागढ़ स्थित अखाड़ा मुहल्ले में रविवार को हुई। प्रेम चंद ने अपनी पत्नी गौतमी गुप्ता (39) के सिर पर हथौड़े से वार कर उसे मार दिया। घटना की सूचना प्रेम चंद की बेटी वैष्णवी ने थाने पहुंचकर दी और अपने भाई विषम गुप्ता (18) पर भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में विषम गुप्ता ने बताया कि उनकी मां पिछले चार वर्षों से किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध में थी।

गुस्से में उठाया कदम

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विषम गुप्ता ने बताया कि उनके पिता प्रेमचंद गुप्ता ने कई बार पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानीं। रविवार दोपहर पिता जब घर लौटे, तब उनकी मां गौतमी किसी अन्य व्यक्ति से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रही थीं। पिता ने टोका, जिससे दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विषम ने बताया कि गुस्से में गौतमी ने हथौड़ा उठाकर पिता पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद पिता ने हथौड़ा छीनकर गुस्से में अपनी पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिया।

पत्नी के कथित अवैध संबंधों से लंबे समय से परेशान

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि गौतमी को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रेमचंद की बेटी ने अपने पिता और भाई दोनों पर मां की हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में प्रेमचंद गुप्ता ने कहा कि वह पत्नी के कथित अवैध संबंधों से लंबे समय से परेशान थे और लगातार झगड़ों से तंग होकर उन्होंने यह कदम उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है।

(इनपुट -भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article