शहर

दिल्ली और गाजियाबाद में बारिश बनी काल, पानी में डूबने से दो मासूमों की मौत; गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में जलभराव के कारण एक मासूम बच्ची की डूबकर मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने विजय नगर थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर जाम लगाने का प्रयास किया। उधर, दिल्ली में भी एक सात साल के बच्चे की डूबने की मौत हो गई।

Image

गाजियाबाद में जलभराव में डूबकर बच्ची की मौत (फोटो-ट्विटर)

गाजियाबाद : दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के अंदर तेज बारिश से जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन पर बड़ा असर पड़ रहा है और कई जगहों पर सड़क धंसने और दुर्घटनाएं होनी की खबरें भी सामने आ रही हैं। इसी प्रकार गाजियाबाद के विजयनगर के सर्वोदय नगर में बारिश के बाद हुए जलभराव ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पानी में डूबने से एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत से हंगामा खड़ा हो गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में लोगों में रोष है। इधर, दिल्ली में भी एक सात साल के बच्चे की डूबने से मौत की खबर है।

एनएच-9 पर जाम करने का प्रयास

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है । गुस्साए लोगों ने विजय नगर थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर जाम लगाने का प्रयास किया और जलभराव की समस्या के लिए प्रशासन व नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

दिल्ली में डूबने से बच्चे की मौत

राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही तेज बारिश अब लोगों की जान पर भी भारी पड़ने लगी है। समयपुर बादली क्षेत्र की संजय कॉलोनी में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान रेहान के रूप में हुई है, जो तीसरी कक्षा का छात्र था। गुरुवार सुबह वह अपने छोटे भाई के साथ घर के बाहर खेलने निकला था। खेलते-खेलते वह पास के एक खाली प्लॉट की ओर चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब दो घंटे बाद रेहान उसी प्लॉट में बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में मिला। आनन-फानन में उसे बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में किसी तरह की आपराधिक साजिश या संदिग्ध परिस्थिति के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला पानी से भरे गड्ढे में गलती से डूबने का प्रतीत होता है। हालांकि, आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया कि खाली प्लॉट में हर बारिश के मौसम में पानी भर जाता है और इसे लेकर कई बार शिकायत भी की गई थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

बारिश से दिल्ली की रफ्तार भी थमी

गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके अलावा धौला कुआं, महिपालपुर, राजोकरी, आश्रम के पास मथुरा रोड, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, जखीरा फ्लाईओवर, मोती नगर और पटेल नगर समेत कई प्रमुख मार्गों पर लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें