शहर

Video:बाड़मेर में विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने किया आत्मदाह का प्रयास; आखिर क्यों उठाया ये कदम

Shiv MLA Attempts Self Immolation:शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर विरोध स्वरूप खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया।

Image

शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया

Rajasthan Shiv MLA Attempts Self Immolation: राजस्थान के बाड़मेर जिले में गिरल क्षेत्र के मजदूरों की मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन मंगलवार को उस समय बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया, जब शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर विरोध स्वरूप खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों, पुलिसकर्मियों और आरएसी जवानों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

गिरल गांव से आए हजारों मजदूर पिछले एक महीने से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। आंदोलन के समर्थन में विधायक रविंद्र सिंह भाटी भी पिछले 12 दिनों से धरना स्थल पर मौजूद हैं।

विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने विरोध स्वरूप खुद पर पेट्रोल डाल लिया

मंगलवार को मजदूरों की समस्याओं को लेकर विशाल मजदूर सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सभा के बाद हजारों मजदूर गाड़ियों के काफिले के साथ बाड़मेर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।इस दौरान विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने प्रशासन और सरकार पर मजदूरों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए विरोध स्वरूप खुद पर पेट्रोल डाल लिया

उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विधायक माचिस जलाकर खुद को आग लगाने ही वाले थे, लेकिन पास खड़े लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उन्हें ऐसा कदम उठाने से रोक दिया। घटना के दौरान कुछ पेट्रोल विधायक की आंखों और शरीर पर भी चला गया, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और कोई जनहानि नहीं हुई।

हजारों मजदूर अब भी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं

वहीं जिला कलेक्ट्रेट के बाहर हजारों मजदूर अब भी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है तथा प्रशासनिक अमला स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article