शहर

सतारा में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

सतारा में घर के बाहर पड़े लाइव बिजली के तार की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।

Image

सतारा में करंट लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत

Photo : Times Now Digital

Satara News: महाराष्ट्र के सतारा जिले से बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां करंट लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा फलटण तालुका के खामगांव गांव में सुबह करीब 6 बजे हुई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर के बाहर पड़े बिजली के तार से हुआ हादसा

फलटण थाने के एक अधिकारी ने कहा, ’’शुरुआती जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि परिवार घर के बाहर बिजली के एक तार के संपर्क में आ गया और उन्हें बिजली का झटका लगा। हमें घर के बाहर एक बिजली का तार पड़ा हुआ मिला। आशंका है कि तार के संपर्क में आने से एक व्यक्ति को बिजली का झटका लगा और परिवार के बाकी सदस्य उसे बचाने के लिए दौड़े होंगे जिससे उन्हें भी बिजली का झटका लग गया।’’

दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज

अधिकारी ने बताया कि चारों की मौत मौके पर ही हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सतीश उर्फ पिसुर्दया किसन शिंदे (45), उनकी पत्नी गंगू शिंदे (40), बेटे सचिन शिंदे (26) और बेटी आरती शिंदे (24) के तौर पर की गई है। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर के बाहर बिजली का लाइव तार कैसे पड़ा हुआ था और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article