Amalner Quarry Drowning Incident: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर शहर से एक ऐसी दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने एक बार फिर स्मार्टफोन और सेल्फी के बढ़ते जानलेवा क्रेज पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। यहां मंगलवार शाम को महज एक खूबसूरत सेल्फी लेने की चाहत तीन जिगरी दोस्तों की जिंदगी का आखिरी पल बन गई। खदान के 30 फीट गहरे पानी में डूबने से तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घूमने निकले थे तीन दोस्त, सेल्फी लेते समय बिगड़ा संतुलन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मानव रतनानी, कार्तिक उधवानी और दिनेश पंजवानी के रूप में हुई है। तीनों दोस्त मंगलवार की शाम को अमलनेर के चोपड़ा रोड स्थित फ्लाईओवर के पास घूमने के लिए निकले थे।
घूमते हुए तीनों दोस्त वहां मौजूद पानी से लबालब भरी एक गहरी खदान के पास पहुंच गए। खदान के बीचों-बीच पानी से ऊपर उठा हुआ एक छोटा सा पथरीला हिस्सा था।
तीनों दोस्त उस ऊंचे हिस्से पर खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक एक दोस्त का पैर तेजी से फिसल गया और वह गहरे पानी की तरफ जाने लगा। उसे डूबता देख दूसरे दोस्त ने उसका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, तभी संतुलन बिगड़ने के कारण तीसरा दोस्त भी दोनों को बचाने के लिए आगे बढ़ा। लेकिन पानी का बहाव और गहराई इतनी थी कि तीनों एक-दूसरे को संभाल नहीं पाए और करीब 30 फीट गहरे पानी में समा गए।
रिक्शा चालक ने दी आवाज, प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
इस पूरी खौफनाक घटना को वहां से गुजर रहे एक स्थानीय रिक्शा चालक ने लाइव देखा। उसने बिना वक्त गंवाए तुरंत जोर-जोर से चिल्लाकर आसपास के लोगों को आवाज दी और खुद भी बचाने का प्रयास किया। वहीं, एक अन्य राहगीर ने तुरंत आपातकालीन नंबर डायल 112 पर फोन कर पुलिस को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय कारंडे, तहसीलदार सी. यू. पाटील, तलाठी अश्फाक पिंजारी और पुलिस की रेस्क्यू टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची।
भारी मशक्कत और खोजबीन के बाद गोताखोरों ने तीनों युवकों को पानी से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी; अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
अमलनेर में पसरा मातम, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही शहर में फैली, पूरे अमलनेर क्षेत्र में शोक और मातम की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में ऐसे खतरनाक जल निकायों, बांधों या खदानों के पास जाने से बचें और सेल्फी के चक्कर में अपनी कीमती जान को जोखिम में न डालें।
