शहर

Vidisha: शादी की खुशियां मातम में बदलीं; सूखे तालाब में जा गिरी बारातियों की कार, 3 की मौत, 7 अन्य घायल

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बारातियों से भरी एक कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सूखे तालाब में जा गिरी। घायलों का जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है, जबकि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Wedding Car Plunges Into Dry Pond in Vidisha

शादी की खुशियों के बीच एमपी के विदिशा में सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Vidisha Accident News: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारातियों से भरी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल और विदिशा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना विदिशा के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जाफरखेड़ी के पास गुरुवार देर रात हुई।

जानकारी के अनुसार, रायसेन जिले के गैरतगंज से जाफरखेड़ी जा रही एक बारात की कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित सूखे तालाब में जा गिरी। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे और बारात जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के घर पहुंचने वाली थी। बताया जा रहा है कि वाहन तेज गति से चल रहा था। इलाके में अंधेरा होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते कार सड़क से उतरकर तालाब में गिर गई और यह भीषण हादसा हो गया।

3 की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तालाब में पानी नहीं था, लेकिन गाड़ी के पलट जाने से उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। इस हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (चालक) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में घायल अशोक लोधी (25), राज बोधी (14), बृजेश लोधी (27), सुदीप लोधी (20), 45 वर्षीय भावसिंह लोधी, 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी समेत कुल सात लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इनमें से एक घायल को देर रात बेहतर इलाज के लिए भोपाल भी भेजा गया।

गांव से इतनी दूरी पर हुआ हादसा

यह हादसा गांव से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हाल जाना। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मामले की जांच जारी

एडीएम, तहसीलदार, सीएसपी, कोतवाली और सिविल लाइन थाना प्रभारी भी अस्पताल पहुंचे। सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा और उनकी टीम ने तुरंत घायलों का इलाज शुरू किया। अस्पताल में परिजनों और अन्य बारातियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दर्दनाक घटना से हर कोई स्तब्ध और शोकाकुल दिखाई दे रहा था। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

(इनपुट - पीटीआई)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article