Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र में मतदाता सूची के SIR अभियान के तहत गणना प्रपत्र भरवाते समय महिला बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) और लेखपाल के साथ एक ग्राम प्रधान और उसके पिता ने कथित तौर पर अभद्रता की तथा उनके कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस संबंध में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
BLO अधिकारी और लेखपाल के साथ अभद्रता
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के पूरे अहिरन मोहद्दीनगर मजरे पाल्हीपुर गांव में महिला बीएलओ से अभद्रता की सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस अधिकारियों को दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने कर्मचारी की शिकायत पर आरोपी प्रधान और उसके पिता के विरुद्ध मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपनी शिकायत में बीएलओ आरती यादव ने बताया कि शुक्रवार की शाम वह पूरे अहिरन मोहद्दीनगर मजरे पाल्हीपुर में मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरवा रही थी, तभी ग्राम प्रधान दीपक यादव अपने पिता कृष्णा यादव के साथ वहां पहुंचे और प्रपत्र फाड़ दिए। उन्होंने बीएलओ व लेखपाल अविनाश से अभद्रता की। किसी तरह से दोनों कर्मचारी गांव से निकल सके।
अभद्रता करने वाले आरोपी पुलिस गिरफ्त में
सलोन कोतवाली क्षेत्र से बाहर निकलने के बाद कर्मचारियों ने घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। एसडीएम सलोन चंद्र प्रकाश मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली। सलोन के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि गांव में बीएलओ व लेखपाल द्वारा SIR फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही थी। ग्राम प्रधान दीपक यादव और उनके पिता कृष्णा यादव ने लेखपाल व बीएलओ से अभद्रता करते हुए प्रपत्रों को फाड़ दिया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। सीओ ने बताया कि इस संबंध में सलोन कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दीपक यादव व उनके पिता कृष्णा यादव को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
(इनपुट - भाषा)
