लखनऊ

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का बड़ा संगठनात्मक बदलाव, घोषित किए सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान

उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस ने सभी 75 जिलों के लिए जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही कांग्रेस ने महानगर अध्यक्षों का भी ऐलान कर दिया है।

Image

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय (फोटो- @kashikirai1)

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। राज्य के सभी 75 जिलों के लिए गुरुवार को जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है और इसके साथ ही महानगर अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान कर दिया गया है। कांग्रेस ने राजधानी लखनऊ में जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी रुद्र दमन सिंह को सौंपी है। इसके अलावा, बस्ती में जिला अध्यक्ष का पद विश्वनाथ चौधरी को सौंपा गया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए भी कांग्रेस ने नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिनमें झांसी में देशराज रिछारिया, ललितपुर में दया राम रजक, जालौन में अरविंद सेंगर और महोबा में संतोष धुरिया शामिल हैं।

बलिया में उमाशंकर पाठक को जिम्मेदारी

इसके अलावा, गौतमबुद्ध नगर में दीपक भाटी, बलिया में उमाशंकर पाठक, बागपत में लव कश्यप, कासगंज में राजेंद्र कश्यप, अलीगढ़ में ठाकुर सोमवीर सिंह, बुलंदशहर में जियाउर्रहमान, मथुरा में मुकेश धनगर, एटा में हाजी आशिक हुसैन, हाथरस में विवेक कुमार उपाध्याय और आगरा में रामनाथ सिकरवार को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रयागराज में बड़ा बदलाव

कांग्रेस पार्टी ने प्रयागराज में भी बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। प्रयागराज महानगर के अलावा गंगा पार और यमुना पार के लिए अलग-अलग जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। प्रयागराज महानगर कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी पार्टी के पुराने नेता फुजैल हाशमी को सौंपी गई है। इसके साथ ही, गंगा पार और यमुना पार क्षेत्रों के लिए भी नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, जो पार्टी के संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हापुड़ और मेरठ में किसे मिली जिम्मेदारी

कांग्रेस पार्टी ने सहारनपुर जिले का जिलाध्यक्ष संदीप राणा को नियुक्त किया है, जबकि शामली में अखलाक पहलवान, संभल में हाजी मोहम्मद तुर्की, मुरादाबाद में विनोद गुंबेर, और अमरोहा में ओमकार कटारिया को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त, हापुड़ में राकेश त्यागी और मेरठ में गौरव भाटी को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कांग्रेस ने क्यों किए बदलाव

बता दें कि यह निर्णय कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए लिया गया है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अपने जनाधार को विस्तार दे सके और हर क्षेत्र में प्रभावी ढंग से अपनी मौजूदगी बना सके। अजय राय ने लिस्ट जारी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गण एवं शहर अध्यक्षों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निश्चित रूप से आप सभी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, जननायक श्री राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व अविनाश पाण्डेय जी के जनहितकारी विचारों को जन-जन तक पहुंचा कर पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article