देश

सुल्तानपुर में जिस रामचेत मोची से मिले थे राहुल गांधी, अब वो कांग्रेस नेता की सलाह पर शुरू करने वाले हैं अपना ब्रांड

राहुल गांधी ने रामचेत को और आगे बढ़ाने के लिए हवाई जहाज से मुंबई बुलाया और वहां के चमड़ा कारोबारी सुधीर कुमार से मिलवाया। जिसके बाद रामचेत अब अपना ब्रांड शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं।

Image

रामचेत के साथ राहुल गांधी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

सुलतानपुर में मोची का काम करने वाले रामचेत मोची कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जरिए एक चमड़ा कारोबारी से मिलने के बाद 'रामचेत मोची' नाम से अपना ब्रांड शुरू करने की योजना बना रहे हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के सांसद गांधी ने गत दिनों रामचेत मोची (60) को मुंबई बुलाकर चमड़ा कारोबारी सुधीर कुमार से उनकी मुलाकात कराई।

राहुल गांधी ने दी थी मशीन

गांधी ने पिछले वर्ष उन्हें एक मशीन उपहार में दी थी। इसके बाद इस वर्ष फरवरी में कांग्रेस नेता ने रामचेत को दिल्ली स्थित अपनी मां के आवास 10, जनपथ बुलाया, जहां रामचेत ने अपनी हाथ की बनी चप्पल पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को भेंट की।

अब राहुल गांधी ने रामचेत को और आगे बढ़ाने के लिए हवाई जहाज से मुंबई बुलाया और वहां के चमड़ा कारोबारी सुधीर कुमार से मिलवाया। कांग्रेस सांसद ने रामचेत के साथ खींची तस्वीरें भी “एक्स” पर साझा कीं।

मुंबई गए थे रामचेत

रामचेत पहली बार हवाई यात्रा कर मुंबई पहुंचे थे जहां उन्हें सुधीर कुमार के चमड़े के व्यवसाय को देखने का मौका मिला। रामचेत ने "पीटीआई-भाषा" से बातचीत में कहा, “सुधीर कुमार का व्यवसाय विदेशों तक फैला हुआ है तथा उनके यहां नए-नए डिजाइन के बैग और सैंडल बनाए जाते हैं। कुछ उत्पाद लकड़ी के हैं तो कुछ रबड़ के।”

शुरू करेंगे अपना ब्रांड

उन्होंने बताया कि उन्होंने वहां अपनी कारीगरी का हुनर दिखाया और उन्होंने मशीन के जरिए एक पर्स बनाकर दिखाया। उनके मुताबिक, सुधीर कुमार ने उनके काम की सराहना की और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। रामचेत ने बताया कि वह अब अपने बेटे को भी यह व्यवसाय सिखा रहे हैं तथा वह अपने ब्रांड 'रामचेत मोची' को स्थापित करने की भी योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के प्रति उनका सम्मान है क्योंकि उन्होंने उनकी छोटी सी दुकान पर बैठकर उनकी मदद की।

कारोबार का किया विस्तार

रामचेत ने बताया कि उन्होंने अपने कारोबार का विस्तार किया है तथा उन्होंने किराये पर एक जगह लेकर वहां पर मशीन लगाई है, जहां वह जूते बनाते हैं और उनके पास दो-तीन कारीगर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा भी रोज दो-तीन घंटे काम सीखता है। मुझे यह भी उतना ही महत्वपूर्ण लगा कि सुधीर को अपना ज्ञान और अनुभव दूसरों के साथ भी बांटना चाहिए। इसलिए हमने अपने मित्र रामचेत मोची को सुल्तानपुर से बुलाया ताकि वह सुधीर से मिल सकें और समझ सकें कि डिज़ाइन और इनोवेशन (नवाचार) उनके व्यवसाय को कैसे नया रूप दे सकते हैं।”

भाषा की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article