यूपी में ठंड-कोहरे का डबल अटैक
UP Ka Mausam 26-Nov-2025: उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज एक बार फिर बदलने लगे हैं। दिसंबर के करीब आते-आते यहां ठंड फिर बढ़ने लगी है। बीते दिनों उत्तर-पूर्वी हवाओं की वजह से बढ़ रहे तापमान में वापस गिरावट देखने को मिली, क्योंकि यहां हवाओं का रुख एक बार फिर बदल गया। यूपी में पछुआ हवाओं का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है। हालांकि दिन के समय खिल रही तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने लगी है। सुबह और शाम के समय लोगों को गर्म कपड़ों की लेयर पहनकर ठंड से बचने की कोशिश करते हुए देखा जा रहा है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज और आने वाले दिनों में मौसम का हाल।
उत्तर प्रदेश में सुबह की शुरुआत कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुबह-सुबह अलाव जलाकर आग सेकते नजर आ रहे हैं और अपने दैनिक कार्य कर रहे हैं। वहीं शहरी इलाकों में दैनिक दिनचर्या की शुरुआत हो गई है। बता दें कि ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी क्षेत्रों की तुलना में अधिक ठंड है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बात करें को यूपी के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन के समय तेज धूप खिली रहेगी, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, शाम होते ही मौसम फिर बदलेगा और लोगों को कंपकंपा देने वाली ठंड लगेगी। रात होते होते लोग ठंड से बचने के लिए कंबलों में दुबके नजर आएंगे।
यूपी में मौसम के मिजाज बदलने लगे हैं। मौसम विभाग की मानें तो दिसंबर की शुरुआत के साथ ही यूपी में भीषण ठंड की शुरुआत होगी। हालांकि उससे पहले मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। दिन में तापमान में बढ़त होगी तो वहीं रात के समय तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी। घने कोहरे का दौर भी शुरू हो जाएगा। आगामी दिनों में यूपीवासियों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा। गर्म कपड़ों में भी लोग ठिठुरते नजर आएंगे। शीतलहर का दौर शुरू होगा, जिससे ठंड और पड़ेगी। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस साल प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ेगी।