UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 24-September-2025: उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों पर ब्रेक लग चुका है। इन दिनों कहीं भी तेज बारिश नहीं हो रही है। बारिश की कमी के चलते एक बार फिर सूरज अपना जोर दिखा रहा है। चिलचिलाती धूप के कारण गर्मी का एहसास बढ़ गया है। तापमान में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। मंगलवार को प्रदेश के 16 जिलों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई जा रही है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने के कारण कई जिलों में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।
आज पूर्वांचल में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने आज पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं पश्चिमी यूपी में आज मौसम शुष्क रहने वाला है। प्रदेश में आज किसी भी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बुधवार को बलिया, गाजीपुर, वाराणसी, मऊ आदि जिलों में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। यूपी में कल भी पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने वाला है। कहीं भी बारिश के आसार नहीं है। लेकिन पूर्वी हिस्से में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है।
यूपी में छिटपुट बारिश का सिलसिला रहेगा जारी
उत्तर प्रदेश में 26 से 29 सितंबर तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। लेकिन इस अवधि में तेज बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं तापमान की बात करे तो अगले 5 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की कोई संभावना नहीं है।
