यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
UP Ka Mausam 22-Nov-2025: उत्तर प्रदेश में ठंड का सितम जारी है। भले ही बीते दिनों में हवाओं का रुख बदलने के कारण तापमान में वृद्धि हुई है, लेकिन इस मामूली बढ़त से ठंड पर कोई खास असर देखने को नहीं मिला है। बस दिन के समय लोगों को धूप से राहत मिली। यहां सुबह, शाम और रात के दौरान कड़ाके की ठंड अभी भी जारी है, जिसमें बिना शॉल, जैकेट और स्वेटर के काम नहीं चल पा रहा है। लोग अब गर्म कपड़ों की लेयर पहनने लगे हैं।
ठंड से बचने के लिए घरों के आगे अलाव जलने शुरू हो गए हैं। रातें इस कदर सर्द हैं कि कंबल से बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है। घर से बाहर जाना तो दूर की बात है। सुबह के समय कोहरा और धुंध का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इस बीच यूपी के मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है। यूपी में ठंड अभी और बढ़ेगी, ये तो केवल शुरुआत है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में हांड कंपा देने वाली सर्दी की शुरुआत होने वाली है।
पछुआ हवाओं के थमने और हवाओं की दिशा बदलने से यूपी समेत आसपास के कई राज्यों में तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई। बता दें कि बंगाल की खाड़ी में उथल-पुथल हो रही है, जिससे उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने लगी है और रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। दिन के तापमान के साथ रात के तापमान में भी 1 से 2 डिग्री कि वृद्धि दर्ज की गई है।
हां, यूपी में आगामी दिनों में बारिश के आसार हैं। जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। जो 48 से 72 घंटे के भीतर लो प्रेशर एरिया में पूरी तरह बदल जाएगा, जिसके कारण भारत के दक्षिणी राज्यों समेत यूपी पर भी इसका असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने बताया कि इस लो प्रेशर एरिया के कारण यूपी में 26 से 28 नवंबर के बीच कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
मौसमी गतिविधियों को देखते हुए माना जा रहा है कि 26 से 28 नवंबर के बीच होने वाली बारिश के बाद से यूपी में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी की शुरुआत होगी। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि आगामी 7 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है।