लखनऊ

13 September UP Weather: यूपी में मानसून ने ली करवट, आज 43 जिलों में अलर्ट; जानें क्या कहता है मौसम विभाग का पूर्वानुमान

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13-September-2025 लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी में जाने आज बारिश होगी या नहीं? यूपी के मौसम का पूर्वानुमान: उत्तर प्रदेश में मानसून फिलहाल कमजोर नजर आ रहा है, लेकिन शनिवार को मौसम करवट ले सकता है। राज्य के कई जिलों में जहां धूप और उमस से लोग परेशान रहेंगे, वहीं कुछ जगहों पर बादल बरस सकते हैं। आज 43 जिलों में बिजली गिरने, आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Image

आज राज्य के आधे से अधिक जिलों में बारिश के आसार

Photo : Times Now Digital

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13-September-2025: उत्तर प्रदेश में इस समय मानसून कुछ कमजोर भले दिखाई दे रहा हो लेकिन आज, शनिवार को बादल मेहरबान हो सकते हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज और रविवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में नमी भरा मौसम बना रहेगा, कई जिले तीखी धूप और उमस से बेहाल रहेंगे लेकिन कुछ इलाकों में बारिश भी देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने आज 43 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

राजधानी में राहत नहीं

बात करें लखनऊ की, तो आज शनिवार को सूरज शहर की तपिश बढ़ाएंगी। शहरवासियों के साथ-साथ आस-पास के जिलों जैसे कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, रायबरेली, उन्नाव, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, आगरा और फिरोजाबाद में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। इन इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है और लोगों को उमस झेलनी पड़ेगी।

पश्चिमी यूपी में बादलों की हलचल

नोएडा और गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में धूप-छांव का दौर रहेगा। लगभग पूरे पश्चिमी यूपी में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी, लेकिन बरसात की संभावना हर जगह नहीं है। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी जरूर देखने को मिल सकती है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल के इलाके में आंधी-बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

43 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार के लिए कुल 43 जिलों में बिजली गिरने, आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। ये अलर्ट सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, कासगंज, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, प्रयागराज, भदोही और सोनभद्र में जारी किया गया है। बाकी जिलों में कोई अलर्ट नहीं है।

दो दिन बाद आसार बेहतर

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बीते 24 घंटे में कहीं भारी तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई है। अगले सप्ताह से एक नया सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिसका असर बंगाल की खाड़ी से लेकर महाराष्ट्र तक दिखाई देगा। ये सिस्टम उत्तर भारत में बारिश ला सकता है। अनुमान है कि यूपी में दो दिन बाद मानसून दोबारा सक्रिय होगा और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article