लखनऊ

UP में बरसी आसमानी आफत; आंधी तूफान में 50 की जान गई, CM ने दिए निर्देश

बुधवार की देर शाम शुरू हुई आंधी-बारिश से यूपी में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आपदा की चपेट में आकर 50 लोगों की मौत हो गई है, जिसकी लिस्ट जारी की गई है। सरकार ने ऐसे में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वो नुकसान की रिपोर्ट बनाकर भेजें ताकि मदद मुहैया कराई जा सके।

Image

यूपी में आंधी-तूफान के कारण 50 की मौत

Photo : PTI

50 Died In Storm: दिन की धूप और गर्मी से परेशान लोगों में आंखों में आशा की चमक सी आई होगी, जब बुधवार की रात हवाएं शुरू हुई होंगी। लेकिन ये राहत ज्यादा देर की नहीं थी। उत्तर प्रदेश में बुधवार की रात बह रही हवा तूफान का रूप लेने वाली थी और थोड़ी ही देर में आंधी और बारिश का ऐसा दौर शुरू हुआ कि सारी उम्मीदें धरी रह गईं।

बुधवार की रात से गुरुवार की शाम तक के बीच आंधी-बारिश ने लगभग पूरे प्रदेश में तबाही मचाई। कहीं दीवार गिरी, कहीं पेड़ गिरे और कहीं बिजली के खंभे। प्रदेश के 21 जिलों में आई आपदा की चपेट में आकर कुल 50 लोगों की मौत हो गई। कई जगहों पर बिजली के खंभे भी उखड़ गए, जिससे काफी समय तक बिजली प्रभावित रही।

सरकार ने जारी की लिस्ट

बुलंदशहर में 89 किमी प्रति घंटे तो मेरठ में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं। आगरा, अलीगढ़ क्षेत्र के साथ प्रदेश के अन्य पूर्वी इलाकों में भी 50 से 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे कई इलाकों में टिन की छतें व छप्पर उड़ गए। राज्य के अलग-अलग इलाकों और खास तौर पर अवध और पश्चिम के इलाकों में इस तूफान में 50 लोगों की जान चली गई। सरकार ने मृतकों की लिस्ट जारी की है।

कहां कितने लोगों की गई जान

जारी की गई लिस्ट के मुताबिक अलीगढ़, हाथरस, चित्रकूट, अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, उन्नाव में 1-1 व्यक्तियों की मौत हुई है। गाजियाबाद, इटावा, कानपुर देहात में 2 लोगों की मौत हुई है। बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, कानपुर नगर, कन्नौज और एटा में 3-3 लोगों की जान गई है। मेरठ और औरेया में 4-4 लोगों की मौत हुई है। कासगंज, और फतेहपुर में 5-5 व्यक्तियों की मौत हुई है। हाथरस में पेड़ गिरने से एक और व्यक्ति की मौत हुई है लेकिन उसके परिवार वालों ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया।

CM का आया निर्देश

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश, ओलावृष्टि के दृष्टिगत सम्बन्धित जनपदों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे करें तथा राहत कार्य पर नजर रखें। आकाशीय बिजली, आंधी तूफान, बारिश आदि आपदा से जनहानि और पशुहानि होने की स्थिति में तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करें व घायलों का समुचित उपचार कराया जाए। अधिकारी सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजें, ताकि इस संबंध में आगे की कार्यवाही की जा सके।

अगले कुछ दिनों आएगी बारिश

मौसम विभाग ने 28 मई तक यूपी में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वहीं शनिवार तक राज्य में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी हो सकती है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने की संभावना है। खराब मौसम की स्थिति में सुरक्षित रहने के लिए मौसम विभाग के जारी किए अलर्टों और मौसम से जुड़ी अन्य जानकारियों पर नजर बनाए रखें और निर्दशों का पालन करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article