लखनऊ : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को देखते हुए मेडिकल विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। सुरक्षा कारणों से शहर में मेडिकल अलर्ट जारी किया गया है। SGPGI, KGMU और कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के एक्सपर्ट डॉक्टरों को तुरंत सेवा देने के लिए तैयार रखा गया है। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर शहरे के कई रूटों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों को असुविधा न हो इसके लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं।
KGMU ट्रॉमा सेंटर की डॉक्टरों की टीम एक एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस के साथ राष्ट्रपति के पूरे काफिले के साथ चलेगी। SGPGI, कल्याण सिंह कैंसर संस्थान और लोकबंधु राजनारायण अस्पताल में सेफ हाउस बनाए गए हैं, जहां ICU बेड और वेंटिलेटर पहले से ही रिज़र्व कर दिए गए हैं। जरूरत की सभी दवाइयों की भी पूरी व्यवस्था कर दी गई है। लोकबंधु राजनारायण अस्पताल के डॉक्टर राष्ट्रपति के लखनऊ पहुंचने से पहले ही अमौसी एयरपोर्ट पर तैनात रहेंगे। वहीं एयरपोर्ट से उन्हें KGMU ट्रॉमा सेंटर की टीम ALS एम्बुलेंस के साथ एस्कॉर्ट करेगी। राजभवन में उनके ठहरने के दौरान सिविल अस्पताल की मेडिकल टीम मौजूद रहेगी।
अमौसी एयरपोर्ट के पास रूट बदले जाएंगे
- एयरपोर्ट के अंदर आम लोगों का वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
- सामान्य यातायात को अमौसी VIP मोड़ से अमौसी कॉमर्शियल मोड़ की तरफ बायें मोड़ दिया जाएगा।
शहीद पथ की ओर आम वाहन की एंट्री बंद रहेगी
- कानपुर रोड तिराहा से शहीद पथ पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
- वाहन ट्रांसपोर्ट नगर, पुरानी चुंगी, पिकेडली चौराहा, बाराबिरवा चौराहा या स्कूटर इंडिया चौराहा से होते हुए जुनाबगंज मोड़ के रास्ते भेजे जाएंगे।
गोसाईंगंज से अहिमामऊ की तरफ यातायात रुकेगा
- गोसाईंगंज कस्बा तिराहा से ब्रह्म कुमारी राजयोग केंद्र और अहिमामऊ चौराहा की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी।
- ऐसे वाहन गोसाईंगंज तिराहा से जिला करागार, मोहनलालगंज और किसानपथ होते हुए भेजे जाएंगे।
