लखनऊ

Gorakhpur News: ट्रेनी महिला सिपाहियों का विरोध प्रदर्शन, खराब बैरक व्यवस्था पर फूटा गुस्सा; तीन अफसर संस्पेंड

गोरखपुर की 26वीं पीएसी बटालियन में ट्रेनी महिला कांस्टेबल ने खराब सुविधाओं और निजता के हनन के विरोध में प्रदर्शन किया। जिसका सोशल मीडिया पर वीडिया भी वायरल हुआ था। जिसमें वे खुले में नहाने की मजबूरी का जिक्र करती नजर आईं। इस मामले में लापरवाही बरतने पर कमांडेंट आनंद कुमार समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Gorakhpur Female Trainee Constables Protest: गोरखपुर में प्रशिक्षु महिला आरक्षियों द्वारा बैरकों की कथित रूप से खराब स्थिति और निजता संबंधी चिंताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिसके बाद ‘प्रादेशिक आर्म्‍ड कांस्टेबुलरी’ (पीएससी) की 26वीं बटालियन के कमांडेंट सहित तीन वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रशिक्षु आरक्षियों को आश्वासन दिया गया है कि शौचालय, बाथरूम और अन्य सुविधाएं जल्द ही सुधारी जाएंगी। अधिकारियों ने शौचालयों में कैमरे होने के आरोपों को नकारा है और अनुचित भाषा के इस्तेमाल पर एक ट्रेनर को सस्पेंड किया गया है।

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार बुधवार को बड़ी संख्या में महिला पुलिस आरक्षियों ने ‘प्रादेशिक आर्म्‍ड कांस्टेबुलरी’ (पीएससी) की 26वीं बटालियन के परिसर में अपने प्रशिक्षण केंद्र में रहन-सहन की खराब स्थिति और कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में प्रशिक्षु आरक्षी कथित तौर पर कह रही हैं कि समुचित सुविधाओं के अभाव में उन्हें खुले में नहाने के लिए मजबूर होना पड़ा रहा है।

लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड

एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर महिला प्रशिक्षुओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने में लापरवाही बरतने पर पलटन कमांडर राजीव कृष्ण और भर्ती प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी संजय राय को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, प्रारंभिक निष्कर्षों और जांच के आधार पर पुलिस महानिदेशक ने उत्तर प्रदेश सरकार से पीएसी की 26वीं बटालियन के कमांडेंट आनंद कुमार को ‘‘कर्तव्य में लापरवाही’’ के आरोप में निलंबित करने की सिफारिश की है। सरकार ने अनुशंसा के आधार पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को कमांडेंट कुमार को निलंबित कर दिया।

बाथरूम में कैमरे होने के दावों का खंडन

अपर पुलिस अधीक्षक निहारिका शर्मा को 26वीं बटालियन पीएसी, गोरखपुर के कमांडेंट का कार्यभार सौंपा गया है। राज्य सरकार ने गोरखपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक (पुलिस प्रशिक्षण स्कूल) रोहन के. पांडेय को भी हटा दिया है और उन्हें प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। इससे पहले, विरोध प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षु आरक्षियों को आश्वासन दिया था कि अतिरिक्त शौचालयों सहित बुनियादी ढांचे का उन्नयन कार्य किया जा रहा है और शुरुआती व्यवधान तकनीकी समस्याओं के कारण थे। पीएसी मध्य क्षेत्र के महानिरीक्षक प्रीतिंदर सिंह ने शौचालयों में कैमरे होने के दावों का खंडन किया और एक शारीरिक प्रशिक्षण प्रशिक्षक को अनुचित भाषा का प्रयोग करने के लिए निलंबित किए जाने की पुष्टि की।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article