लखनऊ

School Closed: हीटवेव की वजह से स्कूल बंद या टाइमिंग बदली, देखें राज्यवार एडवाइजरी

  • Authored by: नीलाक्ष सिंह
  • Updated Apr 20, 2023, 08:49 AM IST

School Closed due to Heatwave: बढ़ते तापमान के बीच कई राज्यों ने स्कूल बंद का ऐलान कर दिया है। जहां स्कूल बंद की घोषणा नहींं की गई है वहां हीट वेव की वजह से कक्षाओं के समय में बदलाव किया है। यहां उन राज्यों की सूची दी गई है, जिन्होंने स्कूलों को बंद कर दिया है, समय बदल दिया है और छात्रों के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।

Image

हीटवेव

School Closed due to Heatwave: जैसे-जैसे पारा बढ़ता जा रहा है, कई राज्यों से एडवाइजरी जारी करने की खबर आ रही है। स्कूलों और संस्थानों को अपने छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए या तो स्कूल बंद करने या स्कूल की टाइमिंग को बदलने जैसे उपाय करने पड़ रहे हैं। भारत के कई हिस्सों में तापमान पहले ही 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। यहां उन राज्यों की सूची दी गई है, जिन्होंने स्कूलों को बंद कर दिया है, समय बदल दिया है और छात्रों के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।

यूपी स्कूल

हीटवेव पूरे देश में एक गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। और मौजूदा परिस्थितियों के कारण, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों जैसे लखनऊ और प्रयागराज में स्कूलों के समय में संशोधन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार स्कूल सुबह जल्दी अपने शैक्षणिक कार्यों को पूरा करेंगे। प्रयागराज में, कक्षा 1 से 8 के लिए स्कूल सुबह 7 बजे से खुलेंगे और दोपहर 12 बजे बंद होंगे। लखनऊ में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और कक्षा 9 से 12 तक के स्कूल सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक संचालित होंगे।

लखनऊ में 18 अप्रैल, 2023 को 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और आगरा, अलीगढ़ बरेली, इटावा, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर में 40 डिग्री से अधिक तापमान दर्ज किया गया।

दिल्ली स्कूल

बढ़ते तापमान को देखते हुए, दिल्ली सरकार ने एक सर्कुलर जारी कर सभी स्कूलों को छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सावधानी बरतने का निर्देश दिया है। दिशानिर्देश में, स्कूलों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि दोपहर की पाली के दौरान एसेंबली का आयोजन न किया जाए, क्योंकि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।

पटना स्कूल

पटना जिला प्रशासन ने स्कूल के अधिकारियों से समय बदलने के लिए कहा, क्योंकि आईएमडी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि आने वाले कुछ दिनों में तापमान बढ़ सकता है। ऐसे में आईएमडी ने हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने भी गाइडलाइन जारी की है और 11.45 बजे के बाद कक्षाओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।

ओडिशा स्कूल

बढ़ते तापमान को देखते हुए ओडिशा सरकार ने जिला कलेक्टरों को स्कूलों के समय में संशोधन की मांग करने की अनुमति दे दी है। आदेश के अनुसार कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11.30 बजे तक चलेंगी।

त्रिपुरा स्कूल

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक शाह ने भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को 18 से 23 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि निजी स्कूलों को इस संबंध में उचित फैसला लेना चाहिए।

पश्चिम बंगाल स्कूल

पश्चिम बंगाल में 22 अप्रैल तक स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की है। हालांकि, पश्चिम बंगाल के सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में 24 मई के बजाय 2 मई से ग्रीष्मावकाश शुरू होगा।

नीलाक्ष सिंह
नीलाक्ष सिंह author

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई क... और देखें

End of Article