Rinku Singh Priya Saroj Engagement: रविवार की दोपहर क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की लखनऊ में रिंग सेरेमनी होने वाली है, जिसकी तैयारियां अब पूरी हो चुकी हैं। दोनों परिवारों से 300 से अधिक लोग इस फंक्शन में आने वाले हैं, जिसका न्योता कई नामी गिरामी हस्तियों को भी मिला है। दोनों के शादी की तारीख भी तय हो गई है। इस साल 18 नवंबर को वाराणसी के ताज होटल में जोड़े की पारंपरिक तरीके से शादी होगी।
पहुंच चुके हैं ये मेहमान
द सेंट्रम में इंगेजमेंट का स्टेज सज चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो होटल में रिंग सेरेमनी के लिए 15 कमरे बुक किए गए हैं। इनमें से 5 कमरे रिंकू के दोस्तों के लिए रिजर्व हैं। 1 बजे रिंग सेरेमनी होगी जिसके लिए, पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार, पीयूष चावला और उत्तर प्रदेश के रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल पहुंच चुके हैं।
सपा नेता आएंगे नजर
रिंकू सिंह अपने परिवार के साथ देर रात होटल पहुंचे। बता दें, कि प्रिया सरोज मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद हैं। प्रिया के पिता तूफानी सरोज फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं और तीन बार सांसद भी रह चुके हैं। ऐसे में सपा से कई बड़े चेहरों का दिखना तय है। इस समारोह में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, इकरा हसन, रामगोपाल यादव सहित कई बड़े नेता शामिल होने वाले हैं।
खास रहेगा सिक्योरिटी का इंतजाम
रिंग सेरेमनी में सिक्योरिटी का खास इंतजाम है। 300 मेहमानों को स्पेशल पास से बारकोड स्कैनिंग करके एंट्री दी जाएगी। इस दौरान स्पेशल सिक्योरिटी टीम भी अलर्ट मोड पर रहेगी, ताकि खास मेहमानों को किसी तरह की दिक्कत न हो। होटल के आसपास भी प्राइवेट सिक्योरिटी के साथ पुलिस की भी तैनाती रहेगी।
