Atique Ahmed Death News in Hindi: उत्तर प्रदेश (UP) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा है कि यूपी में कानून का राज है। अपराधी हो या फिर माफिया, कोई भी उद्यमियों को सूबे में डरा-धमका नहीं सकता है। सीएम ने ये बातें मंगलवार (18 अप्रैल, 2023) को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कहीं।
बकौल योगी, "2017 के पहले यूपी की कानून व्यवस्था बदतर थी और यह दंगों के लिए भी कुख्यात था। बहुत सारे जनपद ऐसे थे, जिनके नाम से ही लोग डरत थे। आज किसी को जनपद के नाम से डरने की जरूरत नहीं है। जो पहले यूपी की पहचान के लिए संकट थे, आज उनके लिए खुद संकट बनता जा रहा है।"
उन्होंने आगे दावा किया- यूपी में हर दूसरे-तीसरे दिन दंगा होता था। 2012 से 2017 के बीच में 700 से अधिक और 2007 से 2012 के बीच 200-300 दंगे हुए, पर 2017-2023 के बीच यूपी में एक भी दंगा न हुआ। एक बार भी कर्फ्यू यूपी में नहीं लगा, उसकी नौबत ही नहीं आई। यह निवेश और उद्यम स्थापित करने के लिए सबसे अनुकूल अवसर होता है।
सीएम आगे बोले- अब कोई पेशेवर अपराधी या फिर माफिया फोन से किसी उद्यमी को डरा-धमका नहीं सकता है। यूपी आज बेहतरीन कानून की गारंटी देता था। साथ ही दो अन्य कलंक (सड़कों के गड्ढे और बिजली आपूर्ति के संदर्भ में) थे, वह भी दूर कर दिए गए हैं।
