Bareilly Newlywed Death: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शनिवार सुबह एक नवविवाहिता का शव घर के पीछे स्थित तालाब में तैरता हुआ पाया गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, साथ ही मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। थाना सुभाषनगर प्रभारी जितेंद्र सिंह के अनुसार, मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया।
परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे एक पड़ोसी ने तालाब में किसी के गिरने की खबर दी। परिजन वहां पहुंचे तो ज्योति का शव पानी में तैरता मिला। शव को तुरंत बाहर निकालकर पहले विनायक अस्पताल और फिर प्रताप अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ज्योति (24) के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी अभी हाल ही में, एक नवंबर को हुई थी और उसे एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था। उनके अनुसार, शुक्रवार शाम उन्होंने ज्योति को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
शनिवार सुबह दोबारा संपर्क करने पर ससुराल पक्ष ने बताया कि ज्योति की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। कुछ देर बाद ही उन्हें उसकी मौत की खबर मिली। थाना सुभाषनगर के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
