Moradabad Road Accident: यूपी के मुरादाबाद में एक भयंकर सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। जिसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। साथ ही 15 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक बच्चे की भी मौत
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दलपतपुर-काशीपुर राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में पिकअप आ गई। जिसमें एक बच्चे सहित कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। टक्कर तेज गति से आ रहे ट्रक के पिकअप वैन से टकराने के कारण हुई। हादसा भगतपुर थाना क्षेत्र के दलपतपुर मार्ग पर खैरखाता गांव के पास हुआ।
शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार
वैन में एक परिवार शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था तभी हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक वैन के ऊपर पलट गया।दुर्घटना की खबर मिलने पर, बचाव कार्यों की निगरानी के लिए एसएसपी और अन्य अधिकारियों सहित स्थानीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। वैन में सवार कई यात्री मलबे के नीचे दब गए थे और उन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।
मौके पर अधिकारी मौजूद
इस घटना में पंद्रह लोग घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। घायलों में दोनों वाहनों में सवार लोग शामिल हैं। पुलिस और स्थानीय अधिकारी मौके पर हैं और जल्द से जल्द मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है जहां से गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को निजी अस्पताल रेफर किया गया है। पिकअप वाहन में महिला और पुरुष समेत कुल 26 लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार जिला प्रशासन घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कर रहा है।
