लखनऊ

Lucknow Outer Ring Road: नए साल पर लखनऊ को मिलेगा रिंग रोड का तोहफा, शहर के बाहर से निकल जाएंगी 50 हजार गाड़ियां

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 2, 2023, 07:05 PM IST

Lucknow Outer Ring Road: राजधानी लखनऊ के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। नए साल पर वाहन आउटर रिंग रोड फर्राटा भरना शुरू कर देंगे। आउटर रिंग रोड के अंतर्गत कुर्सी रोड से बीकेटी के बीच 14 किमी सड़क बनकर तैयार है। ऐसे में वाहन चालकों को लखनऊ के जाम से राहत मिलेगी। आउटर रिंग रोड पर सीतापुर रोड से 500 मीटर पहले स्ट्रीट लाइट, साइन बोर्ड लगाने का काम चल रहा है।

Image

लखनऊ में जाम से मिलेगी राहत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • नए साल में आउटर रिंग रोड पर फर्राटा भरेंगे वाहन
  • इसी माह आउटर रिंग रोड पर होगा वाहनों का संचालन
  • सीतापुर रोड से पहले स्ट्रीट लाइट, साइन बोर्ड लगाने का काम जारी

Lucknow Outer Ring Road: नए साल पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। वाहन चालकों को शहर के जाम से राहत मिलेगी। आउटर रिंग रोड पर कुर्सी रोड से बीकेटी तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसी महीने से इस रोड पर वाहन चालक फर्राटा भर सकेंगे। करीब 305 करोड़ रुपये लागत से बनी फोर लेन रोड़ पर आवाजाही शुरू होने से दो लाख की आबादी को फायदा होगा। ऐसे में सीतापुर रोड से कुर्सी रोड, अयोध्या रोड होते हुए सुलतानपुर रोड पर पहुंच सकेंगे। एनएचएआई ने साल 2019 में कुर्सी रोड से सीतापुर रोड के बीच 14.5 किलोमीटर रोड का निर्माण कार्य शुरू किया था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सड़क तैयार है, सिर्फ सीतापुर रोड से 500 मीटर पहले स्ट्रीट लाइट, साइन बोर्ड लगाने का काम चल रहा है।

जल्द ही यह कार्य भी पूरा हो जाएगा। अभी यहां सुल्तापुर रोड से कुर्सी रोड तक ट्रैफिक का संचालन किया जा रहा है। वाहन चालक 15 जनवरी के बाद फर्राटा भर सकेंगे। आउटर रिंग रोड का कार्य पूरा होते ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे से नोएडा-दिल्ली पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।

छह वर्ष पहले शुरू हुआ था निर्माण कार्य

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने आउटर रिंग रोड का निर्माण कार्य साल 2016 में शुरू किया था। निर्माण करने का लक्ष्य 2022 रखा गया था, लेकिन भूमि अधिग्रहण और अन्य कारणों से कार्य लटकता गया। करीब 104 किमी लंबे प्रोजेक्ट के लिए पांच हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। आउटर रिंग रोड अयोध्या रोड से कुर्सी रोड, सीतापुर रोड, हरदोई रोड, कानपुर रोड, रायबरेली रोड, सुलतानपुर रोड से होते वापस अयोध्या रोड पर मिल जाएगी। अब देश के किसी भी कोने से आने वाले वाहनों को दूसरे जिले में जाने के लिए लखनऊ में एंट्री की जरूरत नहीं होगी।

अब लखनऊ शहर में जाने की जरूरत नहीं

वाहन चालक शहर से करीब 15 किमी पहले से इसके सहारे गंतव्य की तरफ जा सकेंगे। एनएचएआई के परियोजना निदेशक चिंतामणि द्विवेदी ने कहा कि कुर्सी रोड से सीतापुर रोड के बीच आउटर रिंग रोड का काम करीब-करीब पूरा हो गया है। जल्द ही आवागमन शुरू हो जाएगा। इसके शुरू होने से दो लाख आबादी को फायदा होगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article