Lucknow Watchman Body: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चौकीदार का शव संदिग्ध हालात में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में चौकीदार के गले पर अंगुलियों के निशान मिले हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-ई में बुधवार सुबह चौकीदार का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। नोएडा में मौजूद मकान मालकिन ने मोबाइल पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो मामले की जानकारी हुई। इस पर मकान मालकिन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। चौकीदार की गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
बता दें कि सेक्टर-ई निवासी अलका खरे ने घर की रखवाली के लिए नवीन गल्ला मंडी के पास झोपड़ पट्टी में रहने वाले छोटेलाल को रखा था। इंस्पेक्टर अलीगंज दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि अलका नोएडा में निजी कंपनी में नौकरी करती हैं। घर पर कोई नहीं रहता। अलका ने सुरक्षा के लिए घर में कैमरे लगवा रखे हैं।
