लखनऊ

Lucknow News: लखनऊ के लोगों के लिए अच्छी खबर, जाम से मिलेगी निजात, बनेंगे तीन नए फ्लाईओवर

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 9, 2022, 07:27 PM IST

Lucknow News: लखनऊ के लोगों के लिए अच्छी खबर है। शहर में तीन नए फ्लाईओवर और बनेंगे। इनके बनने से लोगों को जाम से निजात मिलेगी। इसके अलावा अगले महीने शहीद पथ से एयरपोर्ट और आरएलबी अस्पताल फ्लाईओवर पर वाहन फर्राटे भरने लगेंगे। इसके अलावा तीन अन्य नए फ्लाईओवरों को मंजूरी मिलना बाकी है।

Image

लखनऊ में बनेंगे तीन नए फ्लाईओवर

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • लखनऊ में जाम से निजात के लिए बनेंगे तीन नए फ्लाईओवर
  • तीन अन्य नए फ्लाईओवर को मंजूरी मिलनी बाकी
  • अगले महीने दो फ्लाईओवर आम लोगों के लिए खुलेंगे

Lucknow Flyover: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। शहर में तीन नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, इनके निर्माण होने से ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर दिलकुशा रेलवे क्रॉसिंग, गोमतीनगर में मल्हौर और दिलकुशा स्टेशन के बीच भरवारा क्रॉसिंग और अनूपगंज रेल क्रॉसिंग पर नए फ्लाईओवर को मंजूरी मिल गई है। जबकि तीन और फ्लाईओवर राजाजीपुरम से पारा रेलवे क्रॉसिंग, केशरीखेड़ा क्रॉसिंग, गोमतीनगर में ग्वारी क्रॉसिंग के लिए प्रस्तावित हैं। इनकी मंजूरी मिलना बाकी है।

आपको बता दें कि, वाहनों की आवाजाही में बढ़ोतरी के साथ शहर की सड़कों को फ्लाईओवर की जरुरत है, ताकि शहर के अंदर यातायात का दवाब न बढ़े और सीधी कनेक्टिविटी हो सके। याद रहे कि, आठ फ्लाईओवर पहले ही चालू हो चुके हैं, चार निर्माणाधीन हैं और तीन फ्लाईओवर स्वीकृत किए गए हैं।

लखनऊ को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी

लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि, लखनऊ को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए तीन फ्लाईओवरों को मंजूरी दी गई है। विक्रमादित्य मार्ग पर दिलकुशा रेलवे क्रॉसिंग पर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के करीब अनूपगंज रेलवे स्टेशन के पास और कानपुर-लखनऊ राजमार्ग पर जुनाबगंज। उन्होंने कहा कि, अब हम पारा को राजाजीपुरम से जोड़ने के लिए रेल ट्रैक पर एक फ्लाईओवर के लिए मंजूरी लेने पर जोर दे रहे हैं, इसके अलावा एक केशरी खेड़ा, तीसरा फ्लाईओवर ग्वारी क्रॉसिंग पर भी आरओबी का प्रस्ताव है।

राजधानी में ये फ्लाईओवर अभी निर्माणाधीन

-लखनऊ में शहीदपथ से अमौसी एयरपोर्ट तक फ्लाईओवर का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सेतु निगम के अफसरों ने बताया कि, एक महीने में यह लोकार्पण के लिए तैयार होगा।

-राजधानी के राजाजीपुरम से आरएलबी अस्पताल को जोड़ने वाला फ्लाईओवर भी बनकर लगभग तैयार हो गया है। इस फ्लाईओवर को भी एक महीने बाद खोला जा सकता है।

-इसके अलावा आईआईएम रोड से सीतापुर रोड पर भिठौली तिराहे के ऊपर बन रहे फ्लाईओवर का काम दो माह में पूरा होने की उम्मीद है।

-लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज से मुंशीपुलिया के बीच खुर्रमनगर चौराहे पर भी फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। यह फ्लाईओवर शुरू होने से चौराहे पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

वाहनों के लिए खुला बंगला बाजार ओवरब्रिज

इससे पहले, लखनऊ के बंगला बाजार में बने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर 2 दिसंबर से वाहन दौड़ने लगे है। इसका लोकार्पण रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इस आरओबी के खुलने से कानपुर रोड से सीधे बिजनौर, शहीद पथ और एयरपोर्ट की ओर आना-जाना आसान हो जाएगा। 24 घंटे के अंदर आलमनगर-उतरेटिया बाईपास रेलवे क्रॉसिंग कई बार बंद होती है। इससे पुरानी जेल रोड से आने वाले लोगों को शहीद पथ, बीबीएयू, ट्रांसपोर्टनगर, रमाबाई अंबेडकर मैदान की ओर जाने के लिए क्रॉसिंग पर लंबा इंतजार करना होता था। यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी। क्रॉसिंग के ऊपर रेलवे ओवरब्रिज बनने से लोगों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी के अनुसार, राज्य सरकार ने इस ओवरब्रिज को तीन फरवरी 2021 को स्वीकृति दी थी। इसकी लंबाई 1180 मीटर है, इसका काम फरवरी 2021 में शुरू हुआ था और मार्च 2023 में पूरा करने का था। लेकिन तय समय से पहले ही इसका काम पूरा हो गया था।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article