Lucknow Sahara Property: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सहारा को दी गयी जमीनों पर नगर निगम ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। नगर निगम ने लीज पर दी गई 130 करोड़ की जमीन पर अपना कब्जा ले लिया है, जबकि निगम इससे पहले सहारा ग्रुप को नोटिस भी दे चुका था। इसी तरह एलडी भी सहारा से 70 एकड़ जमीन पर कब्जा ले चुका है। ये जमीनें सहारा शहर के नाम लीज पर दी गयीं थीं। लखनऊ नगर निगम ने सहारा शहर के गेट पर आज अपना बोर्ड लगा दिया है। इस जमीन पर 1994 में हुई डीड 30 सालों के लिए थी और अब इसके खत्म होने के बाद नगर निगम की तरफ से कार्रवाई की गई है।
130 एकड़ जमीन पर बना सहारा शहर
सहारा इंडिया परिवार का साम्राज्य लगातार सिमटता जा रहा है। लखनऊ के गोमती नगर में 130 एकड़ जमीन पर बने सहारा इंडिया परिवार के शानदार महल पर लखनऊ नगर निगम ने कब्जा कर लिया है। नगर निगम ने अपना बोर्ड भी लगा दिया है कि यह प्रॉपर्टी नगर निगम की है। यहीं पर पहले सहारा इंडिया परिवार के प्रमुख सुब्रत राय रहा करते थे। अब उनके स्वर्गवास के बाद उनकी पत्नी सपना राय रहा करती है। आपको बता दें की नगर निगम ने बीते 11 सितंबर को इस संबंध में नोटिस जारी किया था। अब निगम की टीम ने सहारा शहर की जमीन पर कब्जा लेते हुए यहां अपना बोर्ड लगा दिया। अधिकारियों का कहना है कि यदि सपना रॉय ने खुद मकान खाली नहीं किया तो उसे सील कर दिया जाएगा।
सहारा ने अनुबंध की शर्तों का नहीं किया पालन
गोमतीनगर के विपुल खंड में करीब 170 एकड़ भूमि पर सहारा शहर का निर्माण प्रस्तावित था। 1994 में नगर निगम ने यह जमीन सहारा इंडिया हाउसिंग लिमिटेड को लाइसेंस और लीज डीड के आधार पर दी थी। शर्त यह थी कि यहां आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी और लगभग 40 एकड़ भूमि पर ग्रीन एरिया बनाया जाएगा, लेकिन कंपनी ने अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं किया। ऐसे में नगर निगम ने 1997 में ही लाइसेंस डीड निरस्त कर दी थी और नोटिस जारी कर दिया था। इसके बाद मामला अदालत और कानूनी विवादों में उलझा रहा। इस दौरान सहारा प्रमुख ने उसी भूमि पर अपना आवास बनवाया, जो अब सपना रॉय का निवास है।
