Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भाजपा विधायक के निवास एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव बरामद होने के बाद तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक, जिस युवक का शव भाजपा विधायक योगेश शुक्ला के फ्लैट पर बरामद हुआ है, वह विधायक के मीडिया सेल में काम करता था।
बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, विधायक उस समय दिल्ली गए हुए थे। फिलहाल पुलिस ने मृतक श्रेष्ठ तिवारी के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ है। हजरतगंज इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार पांडे ने बताया कि आत्महत्या करने से पहले मृतक श्रेष्ठ तिवारी ने अपने एक परिचित को फोन कर बताया था कि वह आत्महत्या करने जा रहा है।
गर्लफ्रेंड से हुई थी लड़ाई
दरअसल लखनऊ के बीकेटी विधानसभा से विधायक योगेश शुक्ला विधायक निवास के फ्लैट नंबर 804 में रहते हैं। कल वह दिल्ली में थे। फ्लैट पर श्रेष्ठ तिवारी मौजूद था जो उनके यहां मीडिया सेल में काम करता है। सूत्रों का दावा है कि कल देर रात श्रेष्ठ अपनी गर्लफ्रेंड से फोन पर बात कर रहा था, उसने उसे मिलने की जिद की, लेकिन गर्लफ्रेंड आने के लिए तैयार नहीं थी। उसने कहा कि वह आत्महत्या कर लेगा और गर्लफ्रेंड को लगा कि यह मजाक कर रहा है। इसके बाद श्रेष्ठ तिवारी ने फांसी का फंदा बनाया और उस पर झूल गया।
लड़की की सूचना पर फ्लैट पर पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक, थोड़ी देर बाद लड़की ने श्रेष्ठ तिवारी को कई बार फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद वह भागकर फ्लैट पर गई, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद लड़की ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर फंदे पर लटकती हुई लाश मिली। अधिकारियों का कहना है कि मृतक श्रेष्ठ तिवारी की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसके फोन को भी जब्त कर लिया गया है।
