लखनऊ

यूपी में कहां और किस मंदिर में लगेगा ' खिचड़ी मेला', CM Yogi ने 20 दिसंबर तक तैयारियां पूरी करने के दिए आदेश

यूपी में मकर संक्रांति के अवसर पर हर साल होने वाले विश्व प्रसिद्ध खिचड़ी मेले की तैयारियों को लेकर सीएम ने समीक्षा बैठक की। इस बैठक के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखा और उसके अनुसार, तैयारियों को 20 दिसंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

yogi

'खिचड़ी मेला' में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए दिए निर्देश (Photo- PTI)

UP News: उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध खिचड़ी मेला लग रहा है। इसको लेकर तैयारियां जोरों से चल रही है। इस बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण आदेश दिया है। उन्होंने मेले की तैयारियां इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए लेने के लिए कहा है। बता दें कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, सहूलियत को प्राथमिकता देने के लिए कहा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को यहां किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। खिचड़ी मेला का ये अनुभव उनके लिए यादगार बन सके।

कहां होता है खिचड़ी मेला?

सीएम योगी के गढ़ गोरखपुर में हर साल खिचड़ी मेले का आयोजन किया जाता है। यह मेला गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में किया जाता है, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। यहां सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही है।

समीक्षा बैठक में सीएम ने दिए आदेश

न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, सीएम योगी ने शनिवार पूर्वाह्न गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में खिचड़ी मेला की तैयारियों को लेकर महापौर (Mayor) और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखनाथ मंदिर के खिचड़ी मेले से न सिर्फ पूर्वी उत्तर प्रदेश वरन बिहार, नेपाल से लगायत देश-दुनिया के सनातनियों की आस्था जुड़ी है। इसके दृष्टिगत मेले में सभी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। दूरदर्शन व आकाशवाणी के जरिए मेले का सजीव प्रसारण किया जाएगा ताकि वे लोग भी मेले में वर्चुअल सहभागी हो सके जो किंचित कारणों से इसमें शामिल नहीं हो पा रहे हों।

इस दिन तक तैयारियां पूरी करने के दिए आदेश

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की तरफ से खिचड़ी मेला को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कहा कि जो भी कार्य शेष रह गए हैं, उन्हें शीघ्रता से पूरा कर लिया जाए। ध्यान रहे सभी कार्य 20 दिसंबर तक पूरे हो जाने चाहिए। उन्होंने खिचड़ी मेला में स्वच्छता और सफाई पर खास ध्यान देने के साथ इस मेले को जीरो वेस्ट इवेंट बनाने के लिए नगर निगम को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त स्थायी एवं अस्थायी प्रकाश व्यवस्था भी कराएं। उन्होंने कहा कि समय रहते मंदिर मार्ग की सभी स्ट्रीट लाइट का परीक्षण कर कोई दिक्कत मिलने पर उसे दुरुस्त कर लिया जाए।

स्पेशल ट्रेनों के संचालन को लेकर भी लिया गया फैसला

बैठक में सीएम योगी ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खिचड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों का संचलन किया जाएगा। इसके लिए रेलवे प्रशासन से संवाद कर अलग-अलग स्टेशनों से मेला स्पेशल ट्रेनों का संचलन कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। स्पेशल ट्रेनों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। शहर के ठहराव वाले स्टेशनों से इलेक्ट्रिक सिटी बसों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखनाथ मंदिर के खिचड़ी मेला में आने के लिए श्रद्धालुओं को सुदूर ग्रामीण क्षेत्र तक परिवहन की सुविधा मिलनी चाहिए। परिवहन विभाग इसके लिए अभी से बसों के इंतजाम की तैयारी शुरू कर दे। किन स्थानों से खिचड़ी मेला स्पेशल बसों का संचलन किया जाएगा, इसका व्यापक प्रचार प्रसार भी किया जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को दी जाएगी प्राथमिकता

सीएम योगी ने खिचड़ी मेला में सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को शीर्ष प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा चुस्त दुरुस्त होनी चाहिए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस की पर्याप्त संख्या में तैनाती और महिला हेल्प डेस्क की स्थापना सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की कंट्रोल रूम से एकीकृत निगरानी करने के साथ ही पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस मेले के दौरान पीए सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार जरूरी जानकारी भी देती रहे। इसके साथ ही मुख्य मेला दिन और भीड़ होने के अन्य दिनों पर भीड़ नियंत्रण पर पूरा फोकस होना चाहिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए एनसीसी और सिविल डिफेंस की सेवा लेने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को सुरक्षा और सतर्कता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

यातायात व्यवस्था के लिए दिए निर्देश

सीएम योगी ने कहा कि यातायात प्रबंधन के लिए पर्याप्त यातायात पुलिस और होमगार्ड की तैनाती के साथ लगातार सीसीटीवी मॉनिटरिंग की जाए। वाहनों की पार्किंग और डायवर्जन की तैयारी अभी से होनी चाहिए।

सड़कों को समय से सही करवाने का निर्देश

बैठक में सीएम योगी ने निर्देश दिया कि नगर निगम, गोरखपुर विकास प्राधिकरण तथा लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी है कि वे सभी सड़कों को भी समयबद्ध ढंग से ठीक करें, जिससे किसी को भी आवागमन में असुविधा न हो। सीएम योगी ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को मेला के दौरान विशेष तौर पर अलर्ट रहना होगा। मेला परिसर में हेल्थ कैम्प भी लगाया जाए। अस्पतालों को भी एलर्ट मोड पर रखने की आवश्यकता होगी ताकि आकस्मिक जरूरत पर किसी तरह की परेशानी न हो।

रैन बसेरों बनाने का आदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भी ध्यान रखा जाए कि खिचड़ी मेले में आने वाला कोई भी श्रद्धालु खुले में न सोये, उसे निकट के रैन बसेरों में सम्मान पूर्वक आवासित कराया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल तथा सफाई आदि की व्यवस्था बेहतर हो। सभी रैन बसेरों में जरूरी इंतजाम अभी से सुनिश्चित किए जाएं। श्रद्धालुओं के भोजन संबंधी सुविधा के लिए सीएम योगी ने कम्युनिटी किचन और भंडारों के आयोजन के लिए लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता भी जताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिचड़ी मेले में बहुत सी अस्थायी दुकानें भी लगती हैं। इन सभी दुकानों की समय रहते इलेक्ट्रिक सेफ्टी जांच हो जानी चाहिए। मेले में लग रहे झूलों की सुरक्षा की समय रहते परख कर ली जाए। इसके साथ ही मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य वस्तुओं के नमूनों की जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रखा जाए कि मेले में किसी भी प्रकार का मिलावटी खाद्य पदार्थ न बिकने पाए।

(इनपुट - आईएएनएस)

लेटेस्ट न्यूज

varsha kushwaha
varsha kushwaha Author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग... और देखें

End of Article