लखनऊ

कन्नौज में भीषण सड़क हादसा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी, 40 से अधिक यात्री घायल

Kannauj Road Accident: दिल्ली के यूपी के गोंडा जा रही एक यात्रियों से भरी बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 40 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया बस का एक्सल टूटने के कारण यह दुर्घटना हुई है।

Image

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी

Kannauj Road Accident: यूपी के कन्नौज जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना से सड़क पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में 40 से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना मिली है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज अभी जारी है।

यात्रियों से भरी बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी

घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे का शिकार हुई यात्रियों से भरी बस दिल्ली से गोंडा जा रही थी। दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही पुलिस की टीम ने बताया कि बस का एक्सल गया था, जिसके कारण हादसा हो गया है। यह हादसा ठठिया थाना क्षेत्र के 210 किलोमीटर दूर एक कट पर हुआ। एक्सल टूटने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई और बस में मौजूद 40 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल यात्रियों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस टीम ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे से हटा दिया है और ताकि अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।

कानपुर में पलटी यात्रियों से भरी बस

बता दें कि इससे पहले भी यूपी में यात्री बस पलटी थी। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से बिहार के सिवान जा रही यात्रियों के भरी बस कानपुर में हादसे का शिकार हुई थी। इस हादसे में भी बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी, जिसमें बस में सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि 15 लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। बता दें कि यह हादसा भी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ था।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article