लखनऊ

लखनऊ में डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, 5 लोगों की जलकर दर्दनाक मौत

लखनऊ में यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में पांच लोगों की जलने से दर्दनाक मौत हो गई। फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image

बस में लगी आग

Lucknow Bus Fire: लखनऊ में मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां किसान पथ पर डबल डेकर बस में भीषण आग लग गई। जिसमें पांच यात्रियों की जलकर मौत हो गई। यह बस बिहार के बेगूसराय से मजदूरों और उनके परिवारों को लेकर दिल्ली जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही आधा दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल की टीम ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर मोहनलालगंज व पीजीआई समेत भारी पुलिस बल पहुंचे। पुलिस ने मृत यात्रियों के शवों को बस से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

गेयर बॉक्स में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

अपर पुलिस आयुक्त (मोहनलालगंज) रजनीश वर्मा ने बताया कि एक निजी बस बिहार के बेगूसराय से दिल्ली जा रही थी। इस दौरान तड़के सुबह करीब पांच बजे अचानक बस में आग लग गई। जिससे बस में सवार दो बच्चों, दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। इस हादसे में कुछ लोग घायल भी हुए है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इमरजेंसी गेट न खुलने से अंदर फंसे लोग

एसीपी ने बताया कि घटना की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस के ‘गेयर बाक्स’ में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी। सूत्रों के अनुसार बस में करीब 70 यात्री सवार थे। हादसे के वक्त सभी लोग सो रहे थे। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल कर्मियों की टीम पहुंची और आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। पुलिस की जांच में पता है कि घटना के समय इमरजेंसी गेट नहीं खुलने के कारण लोग बाहर नहीं निकल सके। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बस में लगी आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही लपटें दिखाई दे रही थीं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article