Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट स्कूल में कार्यरत शिक्षिका ने एक ऑटो चालक पर चार साल तक शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़िता ने सहजनवां थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका स्कूल आने-जाने के लिए नियमित रूप से ऑटो का सहारा लेती थी। इसी दौरान एक स्थानीय ऑटो ड्राइवर से उसकी जान-पहचान हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। युवती ने दूसरे ऑटो से आना-जाना छोड़ दिया और उसी ड्राइवर के साथ आने-जाने लगी। चार वर्षों तक दोनों के बीच नजदीकियां बनी रहीं।
शादी का दिया झांसा
मामला तब बिगड़ा जब शिक्षिका ने युवक से शादी की बात की। आरोप है कि इस पर वह पीछे हट गया और कई बार समझाने के बाद भी वह तैयार नहीं हुआ। अंत में शिक्षिका ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। बताया जा रहा है कि अब युवक ऑटो नहीं चलाता, जबकि शिक्षिका ने भी स्कूल जाना बंद कर दिया है। सहजनवां थानाध्यक्ष महेश चौबे ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
