लखनऊ

Ghosi By-Polls Results: कौन हैं अखिलेश यादव के सिपाही सुधाकर सिंह जो बनकर उभरे घोसी के नए किंग? जानिए

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Sep 8, 2023, 06:19 PM IST

Ghosi By-Polls Results 2023, Who is Sudhakar Singh: हालांकि, उप-चुनाव के नतीजे का भाजपा सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा, जिसे 403 सदस्यीय राज्य विधानसभा में अच्छा बहुमत हासिल है। हां, इतना जरूर है कि इसका परिणाम 2024 के लोकसभा चुनाव के लिहाज से एक संकेत हो सकता है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीट हैं। उप-चुनाव में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में थे।

Image

सपा चीफ अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के घोसी सीट से प्रत्याशी सुधाकर सिंह। (फाइल)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Ghosi By-Polls Results 2023, Who is Sudhakar Singh: उत्तर प्रदेश (यूपी) में घोसी विधानसभा उप-चुनाव में शुक्रवार (आठ सितंबर, 2023) को समाजवादी पार्टी (सपा) की जीत हुई। सूबे के पूर्व सीएम और पार्टी चीफ अखिलेश यादव के सिपाही सुधाकर सिंह इस बाई-पोल में अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर भारी पड़े। सिंह सपा के पुराने सिपाहसलार हैं, जो इस बाई-पोल में चुनावी चैंपियन या फिर घोसी के किंग बनकर उभरे हैं। लगभग तीन दशक से पॉलिटिक्स में एक्टिव रहने वाले सिंह सपा के कद्दावर नेता माने जाते हैं। साल 1996 में वह पहली बार विधायक चुने गए थे, जबकि वकालत की पढ़ाई के बाद उन्होंने सियासत के क्षेत्र में कदम रखा।

नत्थूपुर विस सीट से उन्होंने सबसे पहले जीत (1996 में) हासिल की थी। आगे चलकर यही सीट घोसी नाम से जानी जाने लगी। 2017 में वह मोदी लहर के सामने चुनाव हार गए थे। हालांकि, सपा ने 2022 में उनका टिकट काटकर दारा सिंह को कैंडिडेट बनाया था। इस परिस्थिति में आंसुओं के जरिए उनका दर्द भरे मंच पर जाहिर हुआ था, मगर वह इसके बाद भी पार्टी में चुपचाप बने रहे।

सूबे की इस सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के बीच यह पहला बड़ा चुनावी मुकाबला रहा। मंगलवार (पांच सितंबर, 2023) को मऊ जिले की इस सीट पर 50 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। यह विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के गठन के बाद राज्य में पहला चुनावी मुकाबला था।

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार, पांच सितंबर को हुए विधानसभा उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 50.77 दर्ज किया गया था। वैसे, साल 2022 के विधानसभा चुनाव में घोसी में 58.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। सपा के टिकट पर 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में यह सीट जीतने वाले दारा सिंह चौहान के जुलाई में इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था। सपा से इस्तीफा देकर चौहान फिर भाजपा में लौट आए थे। भाजपा ने उन्हें उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन सपा ने उनके मुकाबले सुधाकर सिंह को मैदान में उतारा।

इस उपचुनाव में चौहान को राजग के सहयोगियों...अपना दल (सोनेलाल), निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) पार्टी और पूर्व सपा सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का समर्थन मिला है, जबकि सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों - कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (भाकपा-माले)-लिबरेशन और सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का समर्थन मिला।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article