Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस ने लोगों में धौंस जमाने और दहशत पैदा करने के लिए “मकोका गैंग” बनाने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि इन चार में से दो नाबालिग हैं। पुलिस ने नाबालिगों को सुधार गृह और अन्य दो युवकों को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि लोगों में दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने एक युवक की पिटाई कई। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर तमंचा लहराते हुए एक वीडियो भी शेयर की, जिसे देख पुलिस ने इन्हें पकड़ा।
मकोका गैंग बनाने के आरोप में चार युवक हिरासत में
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि थाना कटरा अंतर्गत एक कस्बे में रहने वाले समीर शेख नाम के युवक का कुछ दिनों पहले मेले में विवाद हो गया था। अधिकारी ने आगे बताया कि इसके बाद शेख ने अपने दोस्तों को इकट्ठा किया और उनसे कहा कि जब भी उनका किसी से झगड़ा हो, सभी दोस्त इकट्ठे हो जाएं और उसे मजा चखाएं। उन्होंने बताया कि बाद में इन दोस्तों ने एक समूह बनाया और उसका नाम “मकोका गैंग” रख दिया और समीर शेख को इस गिरोह का सरगना यानी गैंग लीडर बनाया गया।
दहशत बनाने के लिए की युवक की पिटाई
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोगों में दहशत कायम करने के लिए इस गिरोह ने आयुष शर्मा नाम के एक व्यक्ति की पिटाई की, जिसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गिरोह के सदस्यों ने मोटरसाइकिल पर तमंचा लहराते हुए वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो संज्ञान में आते ही पुलिस के सक्रिय होने पर आरोपी जयपुर भाग गए। द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने गिरोह के गैंग लीडर समीर शेख (19) और आतिश उर्फ मुन्ना (18) समेत चार आरोपियों को बृहस्पतिवार को पकड़ा, जिसमें दो नाबालिग हैं।
गैंग को बंद करते हुए पुलिस से मांगी माफी
बताया जा रहा है कि पुलिस के पड़ने के बाद आरोपियों ने थाना में माफी मांगते हुए कहा कि गैंग को तत्काल बंद कर दिया जाएगा और वे अब ऐसी हरकत नहीं करेंगे। पुलिस ने समीर शेख (19) और आतिश उर्फ मुन्ना को भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। दोनों नाबालिगों को सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में किसी भी हाल में कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह सावन माह के अलावा त्योहारों का समय है और पुलिस की सोशल मीडिया टीम लगातार सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वालों, स्टंट करने वालों और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की नजर है और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
