लखनऊ

Lucknow SGPGI: देश में पहली बार रोबोट के जरिए ऑपरेशन कर निकाला थायराइड कैंसर, चीर फाड़ का कोई निशान नहीं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 16, 2023, 02:59 PM IST

Robotic Surgery In Lucknow Sgpgi: लखनऊ स्थित पीजीआई अस्‍पताल में डॉक्‍टरों ने चार घंटे तक रोबोटिक सर्जरी कर 21 वर्ष की युवती के गले से कैंसरयुक्‍त थायराइड ग्रंथि को निकाल दिया। देश में ऐसे पहली बार हुआ है। लड़की के परिवार ने पहले प्रयागराज के कमला नेहरू कैंसर अस्‍पताल में इसकी जांच कराई थी। पीजीआई में चार घंटे तक युवती की सर्जरी चली थी।

Image

देश में पहली बार रोबोटिक सर्जरी से निकाला थायराइड कैंसर

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • लखनऊ पीजीआई के डॉक्टरों ने की नायाब सर्जरी
  • कैंसरयुक्त थायराइड ट्यूमर को रोबोट से ऑपरेशन कर हटाया
  • बिना चीरा लगाए युवती के गले से निकाली गई गांठ


Thyroid Cancer Operation in Sgpgi: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) के डॉक्टरों ने पहली बार 21 वर्ष की युवती के गले में कैंसरयुक्त थायराइड ट्यूमर का रोबोट से सफल ऑपरेशन किया है। पीजीआई के डॉक्टरों ने युवती को नया जीवन दिया है। फिलहाल युवती पूरी तरह से स्वस्थ्य है। रोबोट से किए ऑपरेशन की वजह से गले में चीर फाड़ का कोई निशान नहीं लगा है। डॉक्टर का दावा है कि देश के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में पहली बार रोबोट से ऐसी जटिल सर्जरी की गई है। ऑपरेशन करने वाली टीम की संस्थान निदेशक डॉ. आरके धीमन और सीएमएस डॉ. गौरव अग्रवाल ने सराहना की है।

पीजीआई के रोबोटिक थायराइड सर्जन डॉ. ज्ञान चन्द के अनुसार, प्रयागराज की रहने वाली युवती परिजनों के साथ ओपीडी में एक हफ्ता पहले आई थी। जांच करने पर पता चला कि युवती के गले में पैपिलरी थायराइड कैंसर गांठ के साथ ही कई और गांठें भी हैं। यह गांठ लगातार बढ़ रही थी।

जांच में मिला पैपिलरी थायरॉइड कैंसर

परिजनों ने पीड़ित युवती की लखनऊ पीजीआई से पहले प्रयागराज के कमला नेहरू कैंसर अस्पताल में जांच कराई थी। कमला नेहरू कैंसर अस्पताल में जरूरी जांच के बाद वहां के डॉक्टरों ने परिवार को जानकारी दी कि यह गांठ बहुत घातक है। इन जटिलताओं की वजह से गले में चीरा लगाए बिना इसकी सर्जरी संभव नहीं थी। ऐसे में मरीज और उसके परिजन काफी निराश थे, क्योंकि सर्जरी के बाद चीरे के निशान दिखाई देते थे। ऐसे में कमला नेहरू अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीज को गर्दन में चीरा लगाए बिना सर्जरी के लिए लखनऊ के एसजीपीजीआई में रोबोटिक थायराइड सर्जन डॉ. ज्ञान चंद के पास रेफर कर दिया। यहां जरूरी जांच के बाद सामने आया कि मरीज को पैपिलरी थायरॉइड कैंसर है, जिसे रोबोटिक तरीके से निकाला जा सकता है।

चार घंटे तक चली सर्जरी, मरीज बिल्कुल स्वस्थ

परिवार की सहमति के बाद डॉक्टर ज्ञान चंन्द्र ने टीम के साथ चार घंटे चले ऑपरेशन में युवती के गले से कैंसर से ग्रसित थायराइड ग्रंथि समेत दूसरी गाठों को बिना गले में चीरा लगाए ही रोबोट से निकाल दिया। यह जटिल ऑपरेशन इंडोक्राइन सर्जन डॉ. ज्ञान चन्द के निर्देशन में पूरा हुआ। सर्जरी के बाद मरीज स्वास्थ है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article