Patna News: पटना सिटी स्थित श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल बहुत जल्द राष्ट्रीय स्तर पर एक कॉरपोरेट अस्पताल के रूप में जाना जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारी तेज कर दी है। मिशन गुणवत्ता के तहत अस्पताल को विकसित किया जाएगा। राज्य स्वास्थ्य समिति एवं अन्य विभागों की टीम लगातार अस्पताल पहुंचकर यहां की व्यवस्था बढ़ाए जाने पर जोर दे रही है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि सदर अस्पताल की इमरजेंसी, ओपीडी, मातृत्व एवं शिशु रोग विभाग, प्रसव कक्ष, पैथोलॉजी की सुविधा मरीजों को और बेहतर उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों की निगरानी में सुधार कार्य हो रहा है। अस्पताल की व्यवस्था में सुधार के 90 प्रतिशत काम पूरा होते ही राष्ट्रीय स्तर पर अस्पताल की गुणवत्ता के मूल्यांकन के लिए आवेदन किया जाएगा।
इसी महीने चालू हो जाएगा ब्लड बैंक
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यहां पैथोलॉजी की जांच बढ़ाई जानी है। इस महीने ब्लड बैंक भी चालू हो जाएगा। अस्पताल एवं परिसर में डॉक्टरों एवं कर्मियों की उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण जांच बढ़ाए जाने को सुनश्चित किया जा रहा है। अस्पताल परिसर स्थित नर्सिंग स्कूल की छात्राओं को विशेष प्रशिक्षण के दौरान मरीजों को चिकित्सकीय सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा।
अस्पताल को बनाया जाना है सुपर स्पेशियलिटी
इस अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी भी बनाया जाना है। केंद्र सरकार ने अस्पताल को 30 करोड़ 42 लाख रुपए से आवंटित किए हैं। इसके तहत कई काम होने हैं। अस्पताल की चारदीवारी भी कराई जानी है। ओपीडी-इंडोर एवं प्रशासनिक भवन अलग-अलग बनाए जाएंगे। डॉक्टरों एवं कर्मियों के लिए सुसज्जित आवास भी बनाए जाएंगे। अस्पताल के अपग्रेड होने से एक बहुत बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिलेगा। लोगों को पीएमसीएच और एनएमसीएच में इलाज के लिए दौड़ नहीं लगाना पड़ेगा। फिलहाल थोड़ी भी गंभीर स्थिति होने पर परिजन मरीज को लेकर पीएमसीएच जाते हैं।
शहर के छोटे अस्पतालों में बढ़ाई जा रही सुविधा
पटना शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और सदर अस्पतालों में लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं। इन अस्पताल में गंभीर मरीजों के भी इलाज के संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ताकि बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम हो और लोगों को तत्काल इलाज भी मिल जाए।
