Farrukhabad News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में गंगा दशहरा पर दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के अलग-अलग घाटों में गंगा स्नान कर रहे 6 लोग नदी में डूब गए। जिनमें से 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं एक युवक को लोगों ने बचा लिया है। ये लोग गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए। इस कारण डूबने से इनकी मौत हो गई। मृतकों में दो चचेरे भाई भी शामिल हैं। इस घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मोहम्मादाबाद कोतवाली क्षेत्र के दाउदपुर गांव निवसी 21 वर्षीय शीलू ढाई घाट पर गंगा नदी में पहनावन चढ़ाने गया था। इस दौरान नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई। गोताखोरों ने उसे एक घंटे बाद बाहर निकाला। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहीं 17 वर्षीय सत्यम अपने चाचा-चाची के साथ ढाईघाट पर आया था। नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से वह डूबने लगा। जिसे देख चाचा-चाची ने शोर मचाया, तब गोताखोर वहां पहुंचे और 50 मिनट किशोर को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तेज बहाव में बह गए चचेरे भाई
मृतकों में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे दो चचेरे भाई भी शामिल हैं। नगला बीरबल गांव निवासी सचिन (19) और रमन (20) दादों थाना क्षेत्र के मेवा नगला गांव निवासी जोगिंदर (25) के साथ कायमगंज में गंगा स्नान करने गए थे। सिनौली घाट पर स्तान के दौरान दोनों भाई तेज धार में बहने लगे। जिन्हें बचाने के लिए जोगिंदर भी पानी में कूद पड़ा, लेकिन वो भी तेज बहाव में बहने लगा। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने अंगोछा फेंककर उसे बचा लिया। लेकिन सचिन और रमन बह गए। करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद उनका शव बरामद हुआ।
गहरे पानी में जाने से डूबा विनय
फेतहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी अजय पाल का बेटा विनय यादव (21) अपनी मां और बहन के साथ गंगा स्नान के लिए गया था। साथ में उसके दोस्त भी गए थे। वह गंगा स्नान कर लौट आया, लेकिन दोस्त फिर से उसे नदी में ले गए। इस दौरान गहरे पानी में जाने से विनय डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर गोताखोर वहां आए और करीब आधे घंटे की खोजबीन के बाद विनय को बाहर निकाला। लेकिन अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
