Lucknow Cyber Crime News: लखनऊ में एक युवक के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जिसमें ठगों ने खुद को कस्टमर केयर बताकर पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से करीब 92 हजार रुपये उड़ा लिए। साइबर धोखाधड़ी की यह वारदात सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के निवासी अतुल कुमार त्रिपाठी के साथ हुई है। ठगों ने पांच फर्जी ट्रांजैक्शन के जरिए हजारों रुपये निकाल लिए। अतुल ने इस मामले में बाद में उन्होंने साइबर सेल हजरतगंज और स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर बनकर किया कॉल
दैनिक भास्कर में छपी खबर के अनुसार यह घटना 16 जून की शाम 7 बजे की है, जब ठगों ने फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर के नाम पर अतुल को कॉल किया। ठगों ने उन्हें झांसे में लेकर बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड से एक के बाद एक पांच फर्जी ट्रांजैक्शन कर दिए। ठगों ने राज रिलायंस रिटेल से 18,999 रुपये, गोडैडी इंडिया से 26,921 रुपये, रिलायंस रिटेल लिमिटेड से 12,299 रुपये और गूगल सर्विस मुंबई से दो बार क्रमश: 25,000 रुपये और 9,000 रुपये की रकम निकाल ली। इस तरह ठगों तक कुल 92,219 रुपये पहुंच गए।
अतुल को जैसे ही ट्रांजैक्शन के बारे में पता चला, उन्होंने तुरंत बैंक को इसकी सूचना दी। साथ ही यूपी कॉप पोर्टल पर भी इसकी शिकायत दर्ज करानी चाही, लेकिन वह रिजेक्ट हो गई। उन्होंने बाद में साइबर सेल हजरतगंज में शिकायत दर्ज कराई। साथ ही स्थानीय थाने में भी मामले की रिपोर्ट दी। जिस पर अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यह मामला साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं की ओर इशारा करता है और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सख्त जरूरत है।
