लखनऊ

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर कांवड़ियों ने CRPF जवान को पीटा, पूरी घटना कैमरे में कैद

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक सीआरपीएफ जवान के साथ कांवड़ियों ने मारपीट की है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने 7 कांवड़ियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

सीआरपीएफ जवान की कांवड़ियों ने की पिटाई (फोटो-वायरल वीडियो स्क्रीनशॉट)

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कांवड़ यात्रा पर निकले युवकों ने एक CRPF के जवान की बुरी तरह से पिटाई कर दी। कांवड़ियों द्वारा सीआरपीएफ जवान की पिटाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

कहासुनी से झड़प तक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह झगड़ा टिकट लेने को लेकर शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि कांवड़ यात्रा पर निकले युवकों और CRPF के जवान के बीच लाइन लगाने को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही पलों में झगड़े में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कांवड़ियों ने जवान को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

वीडियो हुआ वायरल

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक वर्दीधारी जवान को भीड़ ने घेर रखा है और उसके साथ मारपीट की जा रही है। आसपास मौजूद लोग मूक दर्शक बने रहे, हालांकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने सात कांवड़ियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति को जल्द सामान्य कर लिया गया। पुलिस प्रशासन ने यात्रियों और कांवड़ियों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article