लखनऊ

दीपोत्सव 2025 में रचा अयोध्या नगरी ने नया रिकॉर्ड; 26 लाख दीपों की चमक से जगमगा उठा सरयू तट, 2,128 लोगों ने लिया आरती में भाग

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक के साथ नौवें भव्य दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सरयू तट पर रामलीला, लेजर और लाइट शो के माध्यम से दीपोत्सव का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया गया। समारोह के दौरान दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित किए गए, जिसमें 26 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित और 2,128 लोगों ने एक साथ सरयू आरती की।

Image

अयोध्या ने दीपोत्सव 2025 पर नया रिकॉर्ड बनाया (फोटो: ट्विटर - @myogiadityanath)

Photo : Twitter

Ayodhya Deepotsav 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या में भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रतीकात्मक रूपों का ‘राज्याभिषेक’ कर नौवें भव्य दीपोत्सव का उद्घाटन किया। पूजा-अर्चना और विशेष कार्यक्रमों के बाद उन्होंने दीपोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 2017 में जब अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत हुई थी, तो इसका उद्देश्य दुनिया को दिखाना था कि असली दीपोत्सव कैसा होता है। सरयू तट पर राम की पैड़ी पर आयोजित इस भव्य अवसर पर शानदार लेजर और लाइट शो के साथ रामलीला का मंचन किया गया। दीयों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा घाट भारी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित कर रहा था।

दीपोत्सव 2025 में 26,17,215 दीप प्रज्वलित

इस वर्ष दीपोत्सव समारोह के दौरान दो विश्व कीर्तिमान स्थापित किए गए। एक साथ 26,17,215 दीप प्रज्वलित किए गए और 2,128 लोगों ने एक साथ सरयू आरती में भाग लिया। ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के प्रतिनिधियों ने ड्रोन के माध्यम से दीपों की गणना की पुष्टि की और इसे आधिकारिक रूप से दर्ज किया।

अयोध्या में राज्याभिषेक समारोह में पहुंचे संतों ने इस दीपोत्सव को प्राचीन विक्रमादित्य की परंपरा का पुनरुत्थान बताते हुए कहा कि इसे देखकर त्रेता युग का अनुभव हुआ। संतों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया और कहा कि उन्होंने वह किया जो युगों तक असंभव माना जाता था।

उपलब्धि के सम्मान में मुख्यमंत्री को दो गिनीज प्रमाणपत्र

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने इस उपलब्धि के सम्मान में मुख्यमंत्री को दो गिनीज प्रमाणपत्र प्रदान किए। पहला पुरस्कार “सबसे बड़ी संख्या में तेल के दीये जलाने” के लिए और दूसरा पुरस्कार “सबसे अधिक लोगों द्वारा एक साथ आरती करने” के लिए दिया गया। अपने भाषण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने भगवान राम को “मिथक” बताया और समाजवादी पार्टी की सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गईं।

पूरे उत्तर प्रदेश में कुल 1.51 करोड़ दीप जलाए जा रहे हैं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि जिन्होंने कभी बाबर की कब्र पर सजदा किया, वही लोग श्रीराम जन्मभूमि ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह में शामिल नहीं हुए। सीएम ने अयोध्या के तेज़ी से हुए विकास का जिक्र करते हुए कहा कि यह नगरी अब “विकास और विरासत का अद्भुत संगम” बन चुकी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूरे उत्तर प्रदेश में कुल 1.51 करोड़ दीप जलाए जा रहे हैं और जहां कभी गोलियों की आवाज़ सुनाई देती थी, अब वहां दीपों की रोशनी फैली हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!