मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यानी सोमवार 15 सितंबर को 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए लोगों से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 50 से ज्यादा लोगों ने उनके सामने अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने हर फरियादी की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में रायबरेली जिले के खीरो थाना क्षेत्र के ग्राम बरवलिया से एक युवक भी पहुंचा। युवक ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बताया कि उसके पिता किडनी, दिल और यूरिन संबंधी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। आर्थिक तंगी के कारण उनका इलाज निजी अस्पताल में संभव नहीं हो पा रहा है। इस पर सीएम योगी ने तत्काल मरीज को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट मंगवाने को भी कहा, ताकि आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सरकार का आश्वासन : हर जरूरतमंद को मिलेगी मदद
‘जनता दर्शन’ में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले कई फरियादी पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल से एस्टिमेट बनवाकर भेजें, सरकार आपके इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि बीते आठ वर्षों से सरकार लगातार गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करती आ रही है।

जनता की शिकायतों पर गौर करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
बच्चों के संग अपनापन
इस दौरान फरियादियों के साथ आए छोटे बच्चों को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुलारा। उन्होंने बच्चों के सिर पर हाथ फेरकर स्नेह जताया और उन्हें चॉकलेट व टॉफी भी दीं। इससे माहौल हल्का-फुल्का और अपनत्व भरा हो गया।
