Bareilly Train Accident: बरेली में लोको पायलट की सतर्कता से ट्रेन को पलटाने की बड़ी साजिश नाकाम हुई है। रविवार रात को खुराफाती तत्वों ने रेलवे ट्रैक की कैंची में पत्थर भरकर ट्रेन हादसे की साजिश रची थी। हालांकि लोको पायलट ने मौके पर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। जिससे ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई। शरारती तत्वों ने टीआरडी लाइन अर्थ लाइन को भी क्षतिग्रस्त कर उसके लोहे के एंगल को ट्रैक पर रख दिया। फिलहाल इस घटना की साजिश करने वालों की तलाश की जा रही है और ट्रैक पर पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।
टनकपुर-बरेली पैसेंजर हादसे से बची
यह घटना बरेली के भोजीपुरा -दोहना रेलवे स्टेशन के बीच की हुई। टनकपुर-बरेली पैसेंजर ट्रेन (पूर्णागिरि मेला स्पेशल) रविवार रात को 11:58 बजे दोहरा स्टेशन के पास पहुंची थी। इस दौरान ट्रैक क्लियर न होने के कारण लोको पायलट को संदेह हुआ। जिसके बाद उसने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। जिसके बाद नीचे उतर कर देखने पर उसे ओएचई का 8-टीडीआर और 4-टीडीआर अर्थ लाइन क्षतिग्रस्त मिली। साथ ही रेलवे ट्रेक की कैंची में भी पत्थर भरे हुए थे। जिसके बाद लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।
20 मिनट ट्रैक क्लियर कर ट्रेन रवाना
इस घटना की सूचना पाकर इंस्पेक्टर जीआरपी अभिषेक शर्मा और भोजीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद लाइन को क्लियर कर 20 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इंस्पेक्टर अभिषेक शर्मा ने बताया कि यह हरकत खुराफाती तत्वों की हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैक पर पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है। इस मामले की जांच आरपीएफ, जीआरपी और भोजीपुर पुलिस कर रही है।
